
नईदुनिया प्रतिनिधि, बुरहानपुर। करीब साढ़े चार सौ साल पुरानी मुगलकालीन भूमिगत जल संरचना 'कुंडी भंडारे' को लेकर बरती जा रही प्रशासनिक उदासीनता इसके अस्तित्व पर संकट खड़ा कर सकती है। जमीन के 80 फीट नीचे मौजूद शुद्ध पानी की इस नहर को हवा और प्रकाश देने वाली 100 से ज्यादा कुंडियों में से एक 33 नंबर की कुंडी पांच दिन पूर्व फिर धंसक गई।
इससे लिफ्ट को नीचे उतारने वाले स्थान पर सात फीट से ज्यादा पानी भर गया है। इसके चलते फिर लिफ्ट में ताला लगा दिया गया है। अब पर्यटक इसकी खूबसूरती को निहारे बिना मायूस होकर लौट रहे हैं।
ज्ञात हो कि इससे पहले भी दो कुंडियां रखरखाव के अभाव में धंस गई थीं। इससे एक साल से ज्यादा समय तक लिफ्ट को बंद कर रखा गया था। तत्कालीन कलेक्टर द्वारा नाराजगी जताए जाने के बाद नगर निगम प्रशासन ने इनकी मरम्मत कराकर मलबे को निकलवाया था।
मुगलकालीन इस अद्भुत जल संरचना को करीब से देखने के लिए मुंबई, इंदौर, राजस्थान सहित स्थानीय पर्यटक पहुंचे हैं। वहां पहुंचकर उन्हें पता चला कि जलस्तर बढ़ने के कारण लिफ्ट को बंद कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें- 37 साल बाद बदलेगा चंद्रमौलेश्वर महादेव मंदिर का स्वरूप, राजस्थान के लाल पत्थरों से बनेगा 61 फीट ऊंचा शिखर
कुंडी भंडारा मुगलकालीन इंजीनियरिंग का अनूठा उदाहरण है। इसका निर्माण 1615 ईस्वी में कराया गया था। इस भूमिगत जल संरचना के पानी को शुद्ध रखने के लिए 108 कुंडियां बनाई गई थीं। भूमिगत नहर के माध्यम से पानी करीब आठ किमी दूर शाही किले तक पहुंचता था। पूरे शहर की प्यास बुझाने का एकमात्र साधन भी यही भूमिगत नहर थी।
कुछ स्थानों पर कारंज बना कर उसमें नहर का पानी पहुंचाया जाता था। दो साल पहले यूनेस्को ने कुंडी भंडारे को विश्व धरोहरों की अस्थायी सूची में शामिल किया है। इसके बाद इसका वैश्विक महत्व बढ़ गया है।