
नईदुनिया न्यूज, देपालपुर। नगर के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल चंद्रमौलेश्वर महादेव मंदिर अब नए और भव्य स्वरूप में नजर आएगा। करीब 37 वर्ष पूर्व पुरानी तहसील परिसर में छोटे स्वरूप में भगवान चंद्रमौलेश्वर महादेव की प्राण प्रतिष्ठा की गई थी। समय के साथ यह मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बन गया।
अब करीब 4.50 करोड़ रुपये की लागत से मंदिर का भव्य जीर्णोद्धार किया जाएगा। इसके लिए 25 नवंबर बुधवार को संत-महात्माओं की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमिपूजन होगा। मंदिर का निर्माण राजस्थान के प्रसिद्ध लाल पत्थरों से प्राचीन भारतीय स्थापत्य एवं शिल्प परंपरा के अनुसार किया जाएगा।
भागवत कथा आचार्य पं. गौरव व्यास ने बताया कि मंदिर का पिछला पुनर्निर्माण वर्ष 1988 में हुआ था। अब मंदिर को आकर्षक और भव्य स्वरूप देने की योजना तैयार की गई है। सद्गुरुदेव भगवान की कृपा से श्री 24 अवतार मंदिर के अधिष्ठाता श्री जयकरणदास जी भक्तमाली परमहंस महाराज एवं श्री गिरिजानंद सरस्वती महाराज के शुभाशीर्वाद तथा श्री श्री विद्याधाम पीठाधीश्वर चिन्मयानंद सरस्वती महाराज के सानिध्य में भूमिपूजन महोत्सव आयोजित होगा।
मंदिर का गर्भगृह 15×15 फीट का होगा। इसकी नींव जमीन से 15 फीट नीचे रखी जाएगी। निर्माण की खास बात यह होगी कि नींव में लोहे के सरियों का उपयोग नहीं किया जाएगा, बल्कि प्राचीन निर्माण पद्धति अपनाई जाएगी। जमीन से छह फीट ऊंचे चबूतरे पर 61 फीट ऊंचा शिखर बनाया जाएगा। इसके अलावा 35×35 फीट का विशाल सभा मंडप भी निर्मित होगा।
मंदिर परिसर में वैदिक यज्ञशाला, 30×35 फीट का प्रवचन हॉल, संत निवास और भोजनशाला का निर्माण किया जाएगा। भगवान को प्रतिदिन कमल पुष्प अर्पित करने के लिए 8×35 फीट का कमल कुंड भी बनाया जाएगा। भगवान के नित्य अभिषेक के लिए पांच गोवंश की व्यवस्था रहेगी। इनके दूध और दही का उपयोग केवल भगवान के अभिषेक एवं पूजा-अर्चना में किया जाएगा। परिसर में सुंदर बगीचे के साथ नवग्रह मंदिर भी प्रस्तावित है। इस तरह मंदिर परिसर को पूजा-पाठ के साथ धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- MP में मनोकामना पूरी करने के लिए 'हाथी' के पैरों के बीच से निकला युवक, बीच में ही फंसा; VIDEO वायरल
भूमिपूजन महोत्सव में महामंडलेश्वर भगवानदास महाराज (कटकोदा), महामंडलेश्वर रामगोपालदास महाराज (पंचकुइया आश्रम, इंदौर), महंत रघुनंदनदास महाराज (चटवाड़ा), गुरुदेव रोहिताश्व पाठक (अटावदा-बेटमा), आचार्य पं. राजेश शर्मा, आचार्य पं. गोपाल शास्त्री और आचार्य पं. राजेश शास्त्री सहित अनेक संत-महात्मा उपस्थित रहेंगे।
बुधवार को सुबह 9:30 से 10:30 बजे तक श्री गणेश पूजन एवं पंचांग कर्म होगा। सुबह 11 बजे संत-महात्माओं का आगमन होगा। इसके बाद दीप प्रज्वलन, संत पूजन और आशीर्वचन होंगे। सुबह 11:30 से दोपहर 12:30 बजे तक अभिजीत मुहूर्त एवं स्थिर कुंभ लग्न में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मंदिर का भूमिपूजन संपन्न होगा।