
नईदुनिया प्रतिनिधि, बुरहानपुर। शहर के लोधीपुरा क्षेत्र में बीस दिन पहले हुए धनराज तायड़े हत्याकांड के आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग को लेकर मंगलवार को बड़ी संख्या में बौद्ध समाज के लोग कलेक्टर व एसपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने हत्या के आरोपितों का सरकारी ठेका निरस्त करने और सरकारी नौकरी से बर्खास्त कर उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की।
पीड़ित परिवार के सदस्य प्रेम तायड़े ने कहा कि हत्याकांड में शामिल रवि सिंगोटिया अब तक फरार है। जिला अस्पताल में उसके सफाई ठेके को निरस्त किया जाए और जल्द गिरफ्तारी की जाए। हत्याकांड में शामिल रहे कुछ आरोपित नगर निगम के नियमित व मस्टर कर्मचारी हैं। चौबीस घंटे से ज्यादा समय तक जेल में रहने के कारण कथित आरोपितों को नगर निगम की नौकरी से बर्खास्त किया जाए।
पीड़ित परिवार को अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत आर्थिक सहायता दी जाए। साथ ही परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। ज्ञात हो कि इस मामले में गणपति थाना पुलिस अब तक आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है।
कलेक्टर व एसपी के नाम सौंपे गए ज्ञापन में मांग की गई है कि आरोपितों ने सरकारी जमीन पर कब्जा करके अवैध रूप से निर्माण कर रखा है। जिला प्रशासन ऐसे सभी अतिक्रमणों को चिह्नित कर उन्हें तोड़ने की कार्रवाई करे। आरोपितों के आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर उनके खिलाफ एनएसए की कार्रवाई भी की जाए।
रवि सिंगोटिया की गिरफ्तारी के बाद उसका सार्वजनिक रूप से जुलूस निकाला जाए, जिससे पीड़ित परिवार को संतुष्टि मिल सके। बौद्ध समाज ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों को पूरा नहीं किया जाता तो समाज के लोग बड़ा आंदोलन करने के लिए विवश होंगे।
ज्ञात हो धनराज तायड़े उर्फ धन्या पहलवान की सात अक्टूबर की शाम गणपति थाने से कुछ ही दूरी पर चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस की पूछताछ में सामने आया था कि हत्या से तीन माह पहले धनराज का आरोपितों के साथ ठाठर स्थित झरने में नहाने को लेकर विवाद हुआ था।
तब किसी तरह लोगों ने विवाद खत्म करा दिया था, लेकिन आरोपितों के मन में रंजिश थी। इसी बात को लेकर घटना की शाम उन्होंने फिर विवाद शुरू किया और अंततः धनराज को मौत के घाट उतार दिया था।
यह भी पढ़ें- रतलाम पुलिस का एक्शन... सिर पर डोडाचूरा ढो रहीं 4 महिलाएं गिरफ्तार, पूर्व में भी जा चुकी हैं जेल