
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम। खेत के कच्चे रास्ते पर सिर पर डोडाचूरा से भरे कट्टे रखकर जा रही चार महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 60 किलो 750 ग्राम डोडाचूरा जब्त किया गया। चारों महिलाएं झाबुआ जिले की रहने वाली हैं।
पुलिस के अनुसार, महिलाएं डोडाचूरा रतलाम से झाबुआ होते हुए गुजरात ले जाने की तैयारी में थीं। पूछताछ में सामने आया कि उन्होंने आलोट क्षेत्र के ग्राम पिपलिया पिथा से गोपाल मालवीय से डोडाचूरा लिया था। पुलिस ने गोपाल के विरुद्ध भी प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
आलोट थाने के सब इंस्पेक्टर आरसी खड़िया को सोमवार दोपहर मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम पिपलिया सिसोदिया की ओर से चार महिलाएं प्लास्टिक के कट्टों में डोडाचूरा लेकर खेतों के रास्ते आलोट रोड की तरफ आ रही हैं। वे बस पकड़कर बाहर जाने की तैयारी में हैं। सूचना मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और पुलिस टीम गठित की गई।
टीम ने पिपलिया सिसोदिया रोड पर खेतों से आलोट रोड की ओर आने वाले कच्चे रास्ते पर घेराबंदी की। इस दौरान सिर पर कट्टे रखकर आ रही चारों महिलाओं को रोककर पूछताछ की गई। कट्टों की तलाशी लेने पर उनमें डोडाचूरा मिला। मौके पर तौल करने पर कुल वजन 60 किलो 750 ग्राम निकला।
पुलिस ने 35 वर्षीय रेवा पत्नी भूरा कलारा, निवासी ग्राम कालिया बीरन, थाना मेघनगर; 38 वर्षीय ललिता पत्नी दिनेश बारिया, निवासी ग्राम राखड़िया, थाना मेघनगर; 40 वर्षीय रमिला पत्नी परसू वसुनिया, निवासी ग्राम सालामहुड़ा, थाना कल्याणपुरा और 40 वर्षीय सन्नु पत्नी बाबू निनामा, निवासी सैलानी मोहल्ला, मेघनगर, जिला झाबुआ को गिरफ्तार किया है। चारों के विरुद्ध आलोट थाने में एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है। सोमवार देर शाम कार्रवाई के बाद मंगलवार दोपहर उन्हें न्यायालय में पेश किया जाना है।
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि महिलाओं ने आलोट क्षेत्र के ग्राम पिपलिया पिथा निवासी गोपाल मालवीय से डोडाचूरा लिया था। पुलिस के अनुसार, वे इसे रतलाम से झाबुआ होते हुए गुजरात ले जाने की तैयारी में थीं। गोपाल के विरुद्ध भी प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। आलोट एसडीओपी पल्लवी गौर ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि चारों महिलाएं पहले भी तस्करी के आरोप में जेल जा चुकी हैं। पुलिस उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटा रही है। डोडाचूरा उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति के संबंध में भी विवेचना की जा रही है।
यह भी पढ़ें- भोपाल में बदहाल फायर सिस्टम...28 लाख की आबादी पर सिर्फ 8 सक्रिय फायर स्टेशन, 54 साल पुरानी दमकलों के भरोसे राजधानी