
नईदुनिया प्रतिनिधि, बुरहानपुर। शहर समेत आसपास के क्षेत्रों में अब भारी वाहनों की न तो धमाचौकड़ी होगी और न ही गंभीर दुर्घटनाओं का ज्यादा डर होगा। अब सभी भारी वाहन इंदौर-एदलाबाद नेशनल हाइवे के करीब 40 किमी लंबे नवनिर्मित झिरी-शाहपुर बायपास मार्ग से आवागमन करेंगे। रविवार को सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने एनएचएआई के अधिकारियों व अन्य जन प्रतिनिधियों की उपस्थिति में बायपास मार्ग से भारी वाहनों का आवागमन प्रारंभ कराया।
बता दें कि लंबे समय से शहर समेत हाइवे के किनारे बसे गांवों और कस्बों को इस सौगात की प्रतीक्षा थी। भारी वाहन बायपास मार्ग से डायवर्ट होने के कारण शहर में जाम की समस्या भी काफी हद तक कम हो जाएगी। साथ शहरी सीमा की सड़कें जल्दी खराब नहीं होंगी। इस दौरान सांसद ने कहा कि फिलहाल इस मार्ग पर अस्थाई रूप से वाहनों का आवागमन शुरू किया गया है। शेष निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद हाइवे को पूरी प्रारंभ किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि झिरी बायपास के शुरू हो जाने से झिरी, निंबोला, बुरहानपुर और शाहपुर के लोगों को भी राहत मिलेगी। इससे आम नागरिकों, स्कूली बच्चों और राहगीरों को बड़ी राहत मिली है। इस हाइवे पर सर्वाधिक सड़क दुर्घटनाएं होने के कारण यह किलर हाइवे के रूप में भी जाना जाता था। नए हाइवे के निर्माण के दौरान न केवल बायपास बल्कि खंडवा से लेकर महाराष्ट्र सीमा तक की सर्पाकार सड़कों को सीधा कर दिया गया है।
सांसद ने कहा कि वाहनों का दबाव कम होने से गणपति नाका से शनवारा चौराहे तक के सड़क चौड़ीकरण कार्य में भी तेजी आएगी। नए हाइवे से किसानों को अपनी उपज लाने-ले जाने में आसानी होगी। व्यापारिक और औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा।
यह भी पढ़ें- नर्मदा में तैरते मिले इंदौर के सैकड़ों वोटर आईडी, प्रशासन में मचा हड़कंप, कांग्रेस ने लगाया 'वोट चोरी' का आरोप
झिरी से बुरहानपुर के बीच पड़ने वाले निंबोला गांव के पास हाइवे पर अंग्रेजों के जमाने की संकरी पुलिया मौजूद थी। इसके स्थान पर अब तक नया पुल नहीं बनाया गया था। जिसके कारण दोनों ओर से बड़े वाहन आने पर एक ओर के वाहनों को रुकना पड़ता था।
जिससे कई बार वाहनों की लंबी कतार तक लग जाती थी। सांसद की पहल पर विभाग ने यहां भी नए पुल का निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया है। जिससे इस मार्ग पर आवागमन अधिक सुरक्षित और सुगम होगा।
एनएचएआई के अधिकारियों के साथ खातला फाटे का निरीक्षण करने पहुंचे सांसद पाटिल को क्षेत्रवासियों ने बताया कि इस फाटे से कई गांव जुड़े हैं और रोज बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। खातला फ़ाटे से हाइवे पर सीधे जाने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। खंडवा से खातला जाने वाले लोगों को लंबी दूरी तय करना पड़ेगी।
सांसद ने अधिकारियों से कहा कि आम लोगों की सुविधा सरकार की प्राथमिकता है। जल्द से जल्द इसका स्थाई समाधान निकाला जाए। इस दौरान एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर आशीष बिरला, पूर्व महापौर अनिल भोंसले, भाजपा नेता गजेंद्र पाटिल, जय पाटील सहित अन्य अधिकारी व जन प्रतिनिधि मौजूद थे।