
नईदुनिया प्रतिनिधि, बुरहानपुर : जिले के ग्राम बोरसल में एक किसान परिवार ने गोमाता के प्रति श्रद्धा और आत्मीयता की अनूठी मिसाल प्रस्तुत की है। किसान हरिभाऊ किशन चौधरी के निवास पर गोमाता का पारंपरिक डोहाले जेवण (गोदभराई) समारोह धार्मिक रीति-रिवाज के साथ आयोजित किया गया।
इस अवसर पर गोमाता का श्रृंगार कर पूजा-अर्चना की गई तथा गोदभराई की रस्म निभाई गई। समारोह में भजन संध्या के साथ ग्राम वासियों के लिए सामूहिक भोज की व्यवस्था भी की गई थी। किसान परिवार की बेबा बाई हरिभाऊ चौधरी ने कहा कि गोमाता के आगमन से उनके घर में सुख-समृद्धि और खुशियों का संचार हुआ है।
उनकी कामना है कि गांव के प्रत्येक घर में गोमाता का आगमन हो और हर परिवार में माता लक्ष्मी का वास रहे। उन्होंने उम्मीद जताई कि गांव के अन्य परिवार भी ऐसे आयोजन करेंगे। चौधरी परिवार की इस पहल ने गोमाता के प्रति श्रद्धा, सेवा और सम्मान के साथ ही ग्रामीणों के बीच आपसी मेलजोल और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया। परिवार ने अपनी खुशियां पूरे गांव के साथ साझा कर सराहनीय परंपरा की शुरुआत की है।
नेपानगर। मंगलवार को लोगों ने घर आंगन में गोबर से पर्वत बनाकर गोवर्धन पूजन किया। भगवान श्रीकृष्ण, गोवर्धन पर्वत और गायों की पूजा-अर्चना की गई। पर्व में बलि पूजा, अन्नकूट, मार्गपाली आदि उत्सव भी हुए। पांधार के विष्णु चौहान ने बताय कि गोवर्धन पूजा कार्तिक मास की शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा को मनाई जाती है।
पर्व ब्रजवासियों का प्रमुख त्योहार है। इस दिन अनेक स्थानों पर इंद्र, वरुण एवं अग्नि आदि देवताओं की पूजा की जाती है। पौराणिक कथाओं के अनुसार कार्तिक मास की प्रतिपदा तिथि को देवराज इंद्र की पूजा हुआ करती थी, लेकिन भगवान कृष्ण ने ब्रजवासियों से कहा कि पूजा का कोई लाभ नहीं मिल रहा है। इसलिए देवराज इंद्र की पूजा न करें।
भगवान कृष्ण की बात मानकर ब्रजवासियों ने पूजा नहीं की। जब यह जानकारी इंद्र को मिली तो इंद्र देव ने अपने घमंड के चलते पूरे ब्रज में तूफान और वर्षा का कहर मचाया। तब भगवान कृष्ण ने ब्रजवासियों की रक्षा के लिए अपनी कनिष्ठा उंगली पर गोवर्धन पर्वत को उठाकर ब्रजवासियों की रक्षा की और इंद्र के घमंड को तोड़ा था। साथ ही भगवान को सभी तरह की मौसमी सब्जियों से तैयार अन्नकूट का भोग लगाया था। तब से हर साल इस तिथि पर गोवर्धन पूजा की जाती है और अन्नकूट का भोग लगाया जाता है।
यह भी पढ़ें- VIDEO: बड़नगर में गाय गौरी पूजा, मन्नधारियों को ऊपर से गुजरती हैं गायें