
नईदुनिया प्रतिनिधि, बुरहानपुर : उताम्बी बीट के कक्ष क्रमांक 28 के सराय गांव के पास बुधवार रात एक तेंदुआ कुएं में गिर गया। गुरुवार को सूचना मिलने पर वन विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने सीढ़ी लगा कर तेंदुए को बाहर निकाला। बाहर आते ही तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया।
डीएफओ विद्याभूषण सिंह ने बताया कि सुबह 6.45 बजे ग्रामीणों ने इसकी सूचना दी थी। तत्काल एक दल गठित कर तेंदुए का रेस्क्यू करने के लिए भेजा गया। काफी मशक्कत के बाद करीब 10.55 बजे उसे बाहर निकाला गया। ग्रामीणों ने बताया कि संभवत: पानी की तलाश में तेंदुआ जंगल से निकल कर गांव की ओर आया था।
बुरहानपुर। गोवंश तस्करी के मामले में फरार चल रहे आरोपित जुबेर पुत्र शहजाद निंबोला थाना पुलिस ने सारंगपुर जिला राजगढ़ से गिरफ्तार किया है। गत 22 सितंबर को 24 अवैध गोवंश से भरा आरोपित का ट्रक जब्त किया गया था।
थाना प्रभारी अजय सिंह चौहान ने बताया कि 22 सितंबर को आयशर वाहन क्रमांक डीडी 01 जी 9206 से वध के लिए अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे 24 गोवंश बरामद किए गए थे। वाहन एवं गोवंश को जब्त कर सभी गोवंश को बंभाड़ा गोशाला भेजा गया था।
आरोपितों के विरुद्ध थाना निंबोला में गोवंश वध प्रतिषेध अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया था। प्रकरण में वाहन चालक गोपाल को मौके से गिरफ्तार कर पूर्व में जेल भेजा जा चुका है। घटना के बाद से फरार आरोपित जुबेर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अजय सिंह चौहान, प्रधान आरक्षक देवेंद्र पवार एवं आरक्षक प्रधान बडोले की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
यह भी पढ़ें- 'तेंदुए की खबर फैली, सर्चिंग में मिले सियार'; भोपाल के लहारपुर में अफरा-तफरी, वन विभाग अलर्ट