.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, बुरहानपुर। माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा बुधवार को दसवीं और बारहवीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित किए गए हैं। जिसमें एक बार फिर लड़कियों ने बाजी मारी है। छात्रों के मुकाबले न केवल ज्यादा छात्राएं पास हुई हैं, बल्कि जिले की टाप थ्री सूची में भी अधिकांश छात्राएं ही स्थान बनाने में सफल रही हैं। इसके साथ ही इस बार जिले की रैंकिंग में भी सुधार आया है। दसवीं कक्षा में बुरहानपुर का परीक्षा परिणाम 59.62 प्रतिशत और प्रदेश में अठारहवां स्थान रहा है। जबकि बारहवीं का परीक्षा परिणाम 63.41 प्रतिशत और प्रदेश में तीसवां स्थान आया है।
इससे पहले वर्ष 2023 में दसवीं का परिणाम 50.03 प्रतिशत व प्रदेश में 42वां स्थान था। इसी तरह बारहवीं का परिणाम 48.64 प्रतिशत और प्रदेश में 29वां स्थान रहा है। इससे पूर्व 2022 में क्रमश: परीक्षा परिणाम 59.06 व 74.65 प्रतिशत और प्रदेश में स्थान 28वां और 21वां रहा है। कलेक्टर भव्या मित्तल और जिला शिक्षा अधिकारी संतोष सिंह सोलंकी ने सफल हुए विद्यार्थियों को बधाई देते हुए असफल रहे विद्यार्थियों से निराश होने की जगह और मेहनत करने की अपील की है।
शिक्षा मंडल द्वारा जारी की गई दसवीं की जिला स्तरीय टाप थ्री सूची में सेवासदन स्कूल की गौरी फेंगड़े, इस्माइल भाई सुरूरी स्कूल की देव्यानी मौर्या और सेंट एंटोनी स्कूल की डिम्पल अहिरवार का नाम शामिल है। इसी तरह बारहवीं कक्षा की सूची में ग्रुप एक में शासकीय उर्दू स्कूल लालबाग की कनीजा फातिमा और शासकीय स्कूल अंबाड़ा के विनय चौधरी, ग्रुप दो में सेवासदन स्कूल की भूमिका खनेजा, सिटिजन स्कूल नेपानगर की प्रेरणा पवार और शासकीय स्कूल दापोरा की वैष्णवी चौधरी, ग्रुप तीन में सिटिजन स्कूल नेपानगर की सना बानो व सेवासदन स्कूल की तनुश्री पटेल, ग्रुप चार में सुभाष उत्कृष्ट स्कूल के नारायण सिंग और ग्रुप छह में शासकीय कन्या शाला बुरहानपुर की फरजाना बानो का नाम शामिल है।

दसवीं कक्षा की परीक्षा में 3362 छात्र और 3454 छात्राओं को मिलाकर 6816 विद्यार्थी दर्ज थे। इनमें से 3330 छात्र और 3420 छात्राओं को मिला कर 6750 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। इनमें से 2351 विद्यार्थी प्रथम स्थान पर, 1647 द्वितीय और 27 विद्यार्थी तृतीय श्रेणी से पास हुए हैं। 902 विद्यार्थियों की सप्लीमेंट्री आई है, जबकि 1823 फेल हो गए हैं। जिले के 1717 छात्रों और 2308 छात्राओं को मिला कर 4025 विद्यार्थी पास हुए हैं। इनमें छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 51.56 प्रतिशत जबकि छात्राओं का प्रतिशत 67.48 रहा है। इसके अलावा 689 स्वाध्यायी छात्रों ने भी परीक्षा दी थी। इनमें से केवल 98 ही पास हुए हैं। इनका उत्तीर्ण प्रतिशत 14.24 रहा है।
बारहवीं कक्षा के घोषित परिणाम के अनुसार 1999 छात्र व 2229 छात्राओं को मिला कर कुल 4228 विद्यार्थी दर्ज थे। इनमें से 1983 छात्र और 2218 छात्राओं को मिला कर 4201 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। इनमें से 1798 विद्यार्थी प्रथम, 854 द्वितीय और 12 विद्यार्थी तृतीय श्रेणी से पास हुए हैं। इसके साथ ही 608 विद्यार्थियों की सप्लीमेंट्री आई है, जबकि 929 फेल हो गए हैं। बारहवीं के 1104 छात्रों और 1560 छात्राओं को मिला कर कुल 2664 विद्यार्थी पास हुए हैं। यहां भी छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 55.67 रहा है, जबकि छात्राओं का प्रतिशत 70.33 दर्ज किया गया है। परीक्षा परिणाम जानने की उत्सुकता विद्यार्थियों में देखी गई। स्कूल प्रबंधन भी नजर बनाए हुए थे।
