
नईदुनिया प्रतिनिधि, बुरहानपुर। महाराष्ट्र के धाराशिव जिले के सोनारी गांव में बंधुआ मजदूरी कर रहे बुरहानपुर और खरगोन जिले के 18 श्रमिकों व उनके 15 बच्चों को शाहपुर थाना पुलिस ने सकुशल मुक्त कराने में सफलता पाई है। इनमें बुरहानपुर के 10 श्रमिक व उनके आठ बच्चे और खरगोन के आठ श्रमिक व सात बच्चे शामिल थे।
जिले के ग्राम सांभरपुरा निवासी पीड़ित श्रमिकों ने पुलिस को बताया कि नागेश्वर नाम के ठेकेदार ने न केवल उनकी दो माह की मजदूरी हड़प ली, बल्कि उन्हें आधे पेट भोजन देकर गन्ना कटाई का काम करा रहा था। उसने श्रमिकों के मोबाइल भी छीन लिए थे, जिसके चलते वे इतने समय तक अपने रिश्तेदारों को इसकी सूचना नहीं दे पाए थे।
फिलहाल आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं की जा सकी है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है। मंगलवार को पुलिस उन्हें लेकर थाने पहुंची और वहां से सभी को उनके घरों के लिए रवाना किया।
पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने बताया कि श्रमिकों से बंधुआ मजदूरी कराने को लेकर कलेक्टर ने गत 18 नवंबर को पुलिस को पत्र लिखकर कार्रवाई के लिए कहा था। ग्राम सांभरपुरा निवासी संजय पुत्र मोहनलाल ने उन्हें आवेदन देकर बताया था कि दो माह पूर्व खामनी गांव निवासी ठेकेदार जय सिंह बारेला द्वारा उसके स्वजन को गन्ना कटाई के लिए अहमदनगर (महाराष्ट्र) ले जाया गया था।
वहां सभी मजदूरों को ठेकेदार नागेश्वर के हवाले कर जय सिंह बारेला वापस बुरहानपुर लौट आया था। श्रमिकों ने लगभग एक माह तक अहमदनगर में गन्ना कटाई की। इसके बाद उन्हें जिला धाराशिव के परंडा क्षेत्र के ग्राम सोनारी में गन्ना कटाई के काम में लगा दिया गया था।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी आशुतोष बागरी ने 23 नवंबर को शाहपुर थाने की एक टीम गठित कर महाराष्ट्र भेजी थी। इस टीम ने महाराष्ट्र की प्रशासनिक टीम का सहयोग लेकर सोनारी गांव में कार्रवाई की। पुलिस जब बुरहानपुर के श्रमिकों को मुक्त कराने पहुंची तो वहां खरगोन जिले के ग्राम झिरन्या के श्रमिक भी बंधुआ मजदूरी करते मिले। पुलिस ने उन्हें भी मुक्त कराया और बुरहानपुर ले आई।
उल्लेखनीय है कि बुरहानपुर सहित निमाड़ के कई जिलों से गरीब आदिवासी परिवार रोजगार की तलाश में महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों में हर साल पलायन करते हैं। ये परिवार कहां और किसके साथ जा रहे हैं, इसका कोई रिकॉर्ड जिला प्रशासन अथवा पुलिस के पास नहीं होता।
कुछ साल पहले तत्कालीन कलेक्टर ने इसे लेकर व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए थे, जिसमें कहा गया था कि संबंधित ग्राम पंचायतों द्वारा एक रजिस्टर संधारित किया जाएगा, जिसमें पलायन करने वाले श्रमिकों व ठेकेदार की पूरी जानकारी दर्ज होगी, लेकिन यह व्यवस्था लागू नहीं हो पाई। इसके कारण हर साल बंधुआ मजदूरी के मामले सामने आते हैं।
यह भी पढ़ें- एमपी में 8 बाघों की मौत से 10 राज्यों में अलर्ट, कैनाइन डिस्टेंपर वायरस की रोकथाम को लेकर सरिस्का में मंथन