
नईदुनिया प्रतिनिधि, बुरहानपुर। शिकारपुरा थाना पुलिस ने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से ठगी के प्रयास और लूटपाट के सनसनीखेज मामले का राजफाश किया है। इस मामले में मास्टर माइंड खंडवा जिले के भीलखेड़ी निवासी विष्णु चौहान को गिरफ्तार कर लिया गया है। थाना प्रभारी संदीप चौरसिया ने बताया कि विष्णु ने इंस्टाग्राम पर एक रील डाली थी। जिसमें एक लाख रुपये के बदले दस लाख रुपये देने का झांसा दिया गया था।
यह रील देख कर राजस्थान के जिला नागौर थाना भवंडा का रहने वाला रामकिशोर पुत्र अमरचंद (33) झांसे में आ गया और आरोपित के मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। आरोपित ने बातचीत के दौरान उसे 28 अगस्त को बुरहानपुर के दर्यापुर गांव में एक फैक्ट्री के पीछे बुलाया।
युवक के वहां पहुंचने पर आरोपित विष्णु ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिल कर पहले उसके साथ मारपीट की, फिर उसके जेब में रखे 23 हजार रुपये और कान में पहनी सोने की बालियां छीन कर बाइक से फरार हो गए। एसपी आशुतोष बागरी के निर्देश पर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए विशेष दल गठित किया गया था। जिससे ने मुखबिर, सीसीटीवी कैमरों और साइबर सेल की मदद से विष्णु को गिरफ्तार कर लिया। उसके दो अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।
आरोपित से ठगी के लिए उपयोग किया गया मोबाइल और अपराध में प्रयुक्त बाइक को भी जब्त कर लिया गया है। पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने इस प्रकार की अन्य कितनी वारदातें की हैं तथा गिरोह में अन्य कौन-कौन व्यक्ति शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से आग्रह किया है कि सोशल मीडिया पर रुपये कई गुना करने, निवेश पर असामान्य लाभ देने अथवा कम समय में अधिक पैसा देने वाले किसी भी लालच में आकर अनजान व्यक्तियों से संपर्क न करें। साथ ही उनके बुलाने पर किसी सुनसान स्थान पर नहीं जाएं।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश के इन 8 गांवों के नाम सुनकर लोटपोट हो जाएंगे आप! लंगोटी, चोली, साली, भैंसा... सब यहीं है
ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। आरोपित की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी संदीप चौरसिया, उप निरीक्षक दिलीप सिंह, प्रधान आरक्षक संतोष दोगने, विक्रम चौहान, अजय बारूले, साइबर सेल के आरक्षक दुर्गेश पटेल, ललित चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।