
नईदुनिया प्रतिनिधि, बुरहानपुर। बुरहानपुर कलेक्ट्रेट कार्यालय में एक भावुक कर देने वाला नजारा देखने को मिला, जहां एक महिला अपने दिव्यांग पति को कंधे पर लटकाकर कलेक्टर कार्यालय पहुंची। महिला ने ट्राई साइकिल दिलाने की गुहार लगाई। 9 साल पहले पति को पैरालिसिस होने के बाद एक टांग काटनी पड़ी थी। तभी से उन्हें ना ट्राई साइकिल मिली और ना दिव्यांग पति को पेंशन।
इसके बाद से पत्नी ही अपने पति को कंधे पर उठाकर एक जगह से दूसरी जगह ले जाती है। महिला अपने पति के लिए ट्राई साइकिल की मांग लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंची। जहां उसे कोई सुविधा नहीं मिली इस लिए महिला अपने पति को कंधे पर बैठाकर कार्यालय के अंदर ले गई
ट्राई साईकिल नहीं मिलने पर बाद में महिला उसी तरह पति को वापस लेकर भी लौटी। बुरहानपुर कलेक्टर कार्यालय में इसी तरह के कई मामले आते हैं, जिसमें देखा गया है कि दिव्यांगों के लिए ट्राई साइकिल की व्यवस्था नहीं रहती है।
बुरहानपुर कलेक्टर कार्यालय में पति को कंधे पर उठाए बुजुर्ग महिला को देख सभी का ध्यान उनकी ओर गया। किसी ने कहा कि इस उम्र में भी महिला अपने पति का कितना ध्यान रख रही है। इनका वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। इन वीडियो में सभी दोनों के बीच प्रेम के साथ प्रशासन से जल्द से जल्द इनकी मदद करने की मांग कर रहे हैं।
इस मामले में सीएम डॉ. मोहन यादव ने संज्ञान लिया और बुरहानपुर कलेक्टर से चर्चा कर महिला बिंदु बाई के पति के लिए ट्राई साइकिल दिलवाई। इस पर बिंदु बाई और उनके पति ने सीएम और कलेक्टर को धन्यवाद दिया।
यह भी पढ़ें- बुरहानपुर में जर्जर रास्ता : मरीज को पैदल उठाकर ले जाने की मजबूरी, खेतों में कर रहे अंतिम संस्कार