
नईदुनिया प्रतिनिधि, छतरपुर। हायर सेकेंडरी स्कूल सरवई में कक्षा 12वीं में अध्ययनरत चार छात्र बुधवार को पिकनिक मनाने के लिए केन नदी के बिछारे बाबा घाट पहुंचे थे। नदी में नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से दो छात्रों की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
मृतकों की पहचान अंश अवस्थी (16) पिता राजेंद्र अवस्थी, निवासी बस्ती सरवई और तेजस गुप्ता (17) पिता शिवविशाल गुप्ता निवासी चंदला रोड सरवई के रूप में हुई है। दोनों के साथ गए देव लखेरा निवासी महयावा और शिवम पटेल निवासी नीबीखेड़ा सुरक्षित घर लौट आए।
परिजन से घटना की सूचना मिलने के बाद सरवई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। गोताखोरों तथा एसडीईआरएफ की टीम ने नदी में तलाशी अभियान चलाया। अंधेरा होने के कारण बुधवार को शवों की तलाश में सफलता नहीं मिल सकी। गुरुवार सुबह करीब सात बजे रेस्क्यू टीम ने दोनों शव बरामद कर लिए।
यह भी पढ़ें- शनिश्चरा अमावस्या मेले पर रेलवे की खास व्यवस्था, 9 से 11 अक्टूबर तक कई ट्रेनों को 2 मिनट का अस्थायी ठहराव
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में नहाते समय पैर फिसलने और संतुलन बिगड़ने से दोनों छात्रों के गहरे पानी में चले जाने की बात सामने आई है। एक छात्र का शव मछली पकड़ने वाले जाल में फंसा मिला, जबकि दूसरे शव को एसडीईआरएफ टीम ने नदी से बाहर निकाला। पुलिस ने मर्ग कायम कर दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया और स्वजन को सौंप दिया। स्वजन अंतिम संस्कार के लिए शव वाराणसी ले गए।