रिश्तेदार का हाल जानने जा रहे थे 5 लोग, ट्रक से बचने में बेकाबू हुई कार पेड़ से टकराई; 2 की मौत, 3 गंभीर
छतरपुर में सागर-कानपुर हाईवे पर ट्रक से बचने के प्रयास में कार पेड़ से टकराई। हादसे में दो लोगों की मौत हुई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हुए।
Publish Date: Thu, 08 Oct 2026 01:50:40 PM (IST)Updated Date: Thu, 08 Oct 2026 03:47:37 PM (IST)
ट्रक से बचने में बेकाबू हुई कार पेड़ से टकराई। (नईदुनिया)HighLights
- ट्रक से बचने में कार चालक ने नियंत्रण खो दिया।
- तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त।
- हादसे में प्यार खान और रसीद खान की मौत।
नईदुनिया प्रतिनिधि, छतरपुर। सागर जिले के शाहगढ़ में सड़क हादसे में घायल रिश्तेदार का हाल जानने जा रहे पांच लोगों की कार मातगुवां थाना क्षेत्र के खैरौ गांव के पास हादसे का शिकार हो गई। सागर-कानपुर हाईवे पर सामने आए ट्रक से बचने के प्रयास में चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया।
तेज रफ्तार कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल छतरपुर में भर्ती कराया गया है।
रिश्तेदार का हाल जानने जा रहे थे शाहगढ़
जानकारी के अनुसार छतरपुर के नटपुरवा निवासी पांच लोग कार से शाहगढ़ की ओर जा रहे थे। वे सागर जिले के शाहगढ़ में सड़क हादसे में घायल अपने रिश्तेदार का हाल जानने के लिए निकले थे। इसी दौरान सागर-कानपुर हाईवे पर ग्राम खैरौ के पास सामने से आए ट्रक को बचाने के प्रयास में कार चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित कार सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी।
हादसे में दो की मौत, तीन गंभीर रूप से घायल
हादसे में कार सवार प्यार खान (65) और रसीद खान (26) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं शरीफ खान (45), शहराज खान (27) और सलमान गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद राहगीरों ने घायलों को कार से बाहर निकालने में मदद की।
![naidunia_image]()
पुलिस ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल, जांच शुरू
- सूचना मिलते ही डायल-112 और मातगुवां थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और राहगीरों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल छतरपुर पहुंचाया गया। अस्पताल में ड्यूटी डाक्टर ने जांच के बाद दो लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं तीन घायलों को फ्रैक्चर सहित गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को अस्पताल में भर्ती कर निगरानी में इलाज किया जा रहा है।
![naidunia_image]()
- पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मातगुवां थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हादसा ट्रक को बचाने के दौरान चालक का नियंत्रण बिगड़ने से हुआ या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई अटकी, 932 में से 511 पर कोई एक्शन नहीं; खरीदार परेशान