
नईदुनिया प्रतिनिधि, छतरपुर। जिले के ईशानगर थाना क्षेत्र के ग्राम पहाड़गांव में देवी प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मामला बढ़ने पर एक मकान में घुसकर तोड़फोड़ किए जाने का आरोप है। विवाद की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस के साथ भी झूमाझटकी होने की जानकारी सामने आई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चार थानों का पुलिस बल गांव पहुंचा। बिजावर एसडीओपी के नेतृत्व में पुलिस ने मोर्चा संभालकर हालात को नियंत्रित किया।
जानकारी के अनुसार, पहाड़गांव में देवी प्रतिमा विसर्जन समारोह के दौरान कुशवाहा समाज और ठाकुर समाज के लोगों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इस दौरान कुछ लोगों ने कुशवाहा समाज के एक व्यक्ति के घर में घुसकर तोड़फोड़ की। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी के साथ तनाव का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलने पर ईशानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और विवाद शांत कराने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता और झूमाझटकी होने की सूचना मिली। हालात बिगड़ने की आशंका को देखते हुए मातगुवां, गुलगंज और सटई थाने से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। बिजावर एसडीओपी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
यह भी पढ़ें- Gwalior में शीतला मंदिर पर मुख्य द्वार के बाहर अब नहीं लगेंगी दुकानें, ट्रक हादसे के बाद लिया फैसला