
नईदुनिया प्रतिनिधि, छतरपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र की अमलतास कालोनी में एक महिला की हत्या की गुत्थी अभी सुलझी भी नहीं थी कि शुक्रवार, 2 अक्टूबर को इसी कालोनी में एक युवती की हत्या की वारदात सामने आ गई। लगातार दो हत्याओं से क्षेत्र में क्षेत्र में डर का माहोल है। वहीं कालोनी की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की जांच पर भी सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे एक युवती अमलतास कालोनी में दौड़ते हुए आ रही थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक इसी दौरान पीछे से कुछ युवक आए और युवती पर हमला कर दिया। हमलावरों ने धारदार हथियार से उसकी गर्दन पर वार किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना करीब 11.20 बजे सिविल लाइन थाना पुलिस को मिली। थाना प्रभारी आशुतोष श्रोतीय के अनुसार सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि मृतका की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ घटना से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटा रही है।
एक ही इलाके में लगातार हुई दो हत्याओं के बाद पुलिस दोनों मामलों के बीच किसी संभावित कड़ी समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में बेलगाम अपराध को रोकने के लिए 7 TI बदले, मुरार थाना प्रभारी मैना पटेल लाइन हाजिर