MP Weather Update: छतरपुर में मूसलाधार बारिश से तीन बांधों के गेट खुले, उर्मिल और धसान नदी का जलस्तर बढ़ा
पिछले 24 घंटे से जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश(eavy rain in Chhatarpur) के चलते स्थिति काफी चिंताजनक हो गई है। सिंचाई विभाग को सिंहपुर, कुटनी और बानसुजारा बांध के गेट खोलने पड़े हैं। बांधों की सुरक्षा के मद्देनज़र यह कदम उठाया गया है। विभाग ने गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है।
Publish Date: Fri, 18 Jul 2025 12:52:08 PM (IST)
Updated Date: Fri, 18 Jul 2025 12:52:08 PM (IST)
छतरपुर में मूसलाधार बारिश का सिलसिला जारी है heavy rain in ChhatarpurHighLights
- छतरपुर में लगातार हो रही भारी बारिश के बाद नदी-नाले उफान पर हैं।
- सिंचाई विभाग को सिंहपुर, कुटनी और बानसुजारा बांध के गेट खोलने पड़े हैं।
- शहर के तालाबों में पानी ओवरफ्लो होने से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।
नईदुनिया,प्रतिनिधि,छतरपुर। जिले में बीते 24 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश( heavy rain in Chhatarpur) के चलते नदी-नाले उफान पर हैं। पानी की तेजी से हो रही आवक के कारण सिंचाई विभाग को सिंहपुर, कुटनी और बानसुजारा बांध के गेट खोलने पड़े हैं। बांधों की सुरक्षा के मद्देनज़र यह कदम उठाया गया है। विभाग ने गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है। शहर के तालाबों में पानी ओवरफ्लो होने से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं और कई घरों में पानी घुस गया है।
उर्मिल नदी में तेजी से बढ़ा जलस्तर
सिंहपुर बांध के ऊपर स्थित उर्मिल नदी(Urmil river) में लगातार पानी की आवक हो रही है। इससे जलस्तर बढ़ने लगा है। कार्यपालन यंत्री के आदेशानुसार शुक्रवार रात को बांध के दो गेट (प्रत्येक 0.5 मीटर) खोले गए। इससे बांध के नीचे उर्मिल नदी में 7 से 8 फुट तक जलस्तर बढ़ने की आशंका है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे नदी क्षेत्र से दूर रहें।
धसान नदी में छोड़ा गया पानी
बानसुजारा बांध में भी धसान नदी की जलआवक के चलते गुरुवार रात 11 बजे तीन गेट (प्रत्येक 0.5 मीटर) खोले गए। इसके माध्यम से लगभग 180 घन मीटर प्रति सेकंड पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे नीचे धसान नदी(Dhasan river)में 5 से 8 फुट तक जलस्तर बढ़ सकता है।
कुटनी बांध के तीन गेट खुले
कुटनी नदी में जलस्तर में तेजी से हो रही बढ़ोतरी के कारण गुरुवार रात 2 बजे बाद कुटनी बांध के तीन गेट (प्रत्येक 0.8 मीटर) खोल दिए गए। नदी में लगभग 50 घन मीटर प्रति सेकेंड पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे जलस्तर 5 से 7 फुट तक बढ़ने की संभावना है। विभाग ने बताया है कि आवश्यकतानुसार गेटों की ऊंचाई में परिवर्तन किया जा सकता है।
क्या कह रहे हैं अधिकारी
बान सुजारा परियोजना के अनुभागीय अधिकारी आर एस शेजवार ने कहा कि "लगातार बारिश के कारण बांधों में पानी की आवक हो रही है। बांध की सुरक्षा को देखते हुए तीन गेट खोले गए हैं। गेट खोलने से निचले क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ सकता है।"