MP News: खजुराहो नृत्य महोत्सव 20 से, कथक के 1500 कलाकार बनाएंगे विश्व रिकॉर्ड
संस्कृति विभाग द्वारा उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी, मध्य प्रदेश संस्कृति परिषद्, भोपाल के माध्यम से खजुराहो में प्रतिवर्ष खजुराहो नृत्य स ...और पढ़ें
By Paras PandeyEdited By: Paras Pandey
Publish Date: Thu, 08 Feb 2024 11:15:07 PM (IST)Updated Date: Thu, 08 Feb 2024 11:15:07 PM (IST)
इस बार स्वर्ण जयंती वर्ष मना रहा है महोत्सव छतरपुर, (नईदुनिया प्रतिनिधि)। देश की समृद्ध संस्कृति और विरासत के उत्सव का उजास 20 फरवरी से खजुराहो नृत्य महोत्सव के रूप में होने जा रहा है। यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल खजुराहो की धरती फिर शास्त्रीय नृत्य की गरिमामय प्रस्तुतियों से गुंजायमान होगा।
बुंदेलों की धरती पर देशभर से पधारने वाले प्रतिष्ठित लोक एवं सांस्कृतिक नर्तक अपनी घुंघरुओं की झंकार और कदमताल से छटा बिखेरेंगे। 1975 में शुरू हुआ खजुराहो नृत्य महोत्सव इस वर्ष अपना स्वर्ण जयंती वर्ष मना रहा है।
इस उपलब्धि को खास एवं यादगार बनाने के संस्कृति विभाग द्वारा कथक कुंभ का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें पहले दिन 20 फरवरी को कथक नृत्य के 1500 से 2000 कलाकारों द्वारा सामूहिक नृत्य ‘कथक कुंभ’ प्रस्तुत कर ‘विश्व रिकार्ड’ स्थापित किए जाने का लक्ष्य रखा गया है।
संस्कृति विभाग द्वारा उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी, मध्य प्रदेश संस्कृति परिषद्, भोपाल के माध्यम से खजुराहो में प्रतिवर्ष खजुराहो नृत्य समारोह का आयोजन मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग एवं पुरातत्व विभाग और जिला प्रशासन खजुराहो की सहभागिता से किया जाता है।
पश्चिमी मंदिर समूह परिसर के अंदर चंदेलकालीन कंदारिया महादेव मंदिर तथा देवी जगदंबा मंदिर के मध्य विशाल मुक्ताकाशी मंच पर यह उत्सव 26 फरवरी तक आयोजित होगा। प्रमुख सचिव पर्यटन एवं संस्कृति विभाग शिव शेखर शुक्ला के अनुसार खजुराहो नृत्य समारोह को शुरू करने का उद्देश्य शास्त्रीय नृत्यों का संरक्षण ही नहीं, अपितु इसके इतर शास्त्रीय नृत्य द्वारा कला के परमोत्कर्ष की अनुभूति कला रसिकों को करवाने एवं इससे जुड़े सभी कलाकारों को प्रोत्साहित करना है। विश्व रिकार्ड के अलावा महोत्सव में पहली बार लयशाला का आयोजन होगा।
इसमें भारतीय नृत्य शैलियों के अपनी विधा के श्रेष्ठ गुरूओं के साथ शिष्यों का संगम और कार्यशालाएं होंगी’। रोमांच प्रेमियों के लिए यह गतिविधियां की जाएगी - महोत्सव के दौरान खजुराहो में देश-विदेश से पहुंचने वाले सैलानियों को रोमांच का अनुभव भी मिलेगा। मप्र टूरिज्म बोर्ड द्वारा विभिन्न रोमांचक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
रोमांच प्रेमियों के लिए स्काई डाईविंग (20-25 फरवरी 2024), कैम्पिंग, ट्रेल जाय राइड, वाटर एडवेंचर, स्पीड बोट, बनाना राईड, शिकारा बाईड, ऱाफ्टिंग, विलेज टूर, ई-बाइक टूर, रानेह फाल टूर, दतला पहाड़, सेगवे टूर, खजुराहो नाइट टूर, फार्म टूर जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी।