MP के छतरपुर में कार्रवाई का अजब-गजब मामला सामने आया, रविवार को बंद स्कूल का निरीक्षण, 68 शिक्षकों को नोटिस
छतरपुर जिले में शिक्षा विभाग की अजब-गजब कार्रवाई का मामला समाने आया है।
Publish Date: Wed, 07 Oct 2026 06:51:48 PM (IST)Updated Date: Wed, 07 Oct 2026 06:55:55 PM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो। एआई से बनाई गई है।HighLights
- बड़ामलहरा के शासकीय संदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का मामला
- नोटिस जारी कर प्रभारी प्राचार्य सहित 68 शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा
- कर्मचारियों ने निरीक्षण आदेश और रविवार की ड्यूटी से संबंधित दस्तावेज मांगे
नईदुनिया प्रतिनिधि, छतरपुर। जिले में शिक्षा विभाग की अजब-गजब कार्रवाई का मामला समाने आया है। रविवार को अवकाश के दिन बंद स्कूल का अधिकारियों ने निरीक्षण कर लिया और 68 शिक्षकों को अनुपस्थित बताते हुए नोटिस भी जारी कर दिए गए।
हालांकि डीईओ ने सफाई देते हुए बताया है कि निरीक्षण शनिवार 3 अक्टूबर को किया गया था, लेकिन आदेश में गलती से 4 अक्टूबर टाइप हो गया है।
बड़ामलहरा के शासकीय संदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का मामला
जिला शिक्षा विभाग से जारी नोटिस के अनुसार बड़ामलहरा के शासकीय संदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में रविवार 4 अक्टूबर को भोपाल से पहुंची विशेष टीम और विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने दोपहर 3:00 बजे निरीक्षण किया। इस दौरान स्कूल का मुख्य गेट बंद मिला और सुरक्षा गार्ड भी मौके पर मौजूद नहीं था।
नोटिस जारी कर प्रभारी प्राचार्य सहित 68 शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा
निरीक्षण में मिली स्थिति के आधार पर विभाग ने नोटिस जारी कर प्रभारी प्राचार्य सहित 68 शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा है। कार्रवाई के बाद कर्मचारियों के बीच रविवार की ड्यूटी व्यवस्था को लेकर मामला गरमाया रहा। कर्मचारियों का कहना है कि 4 अक्टूबर रविवार था।
ऐसे में विद्यालय खोलने, शिक्षकों की उपस्थिति और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जारी आदेश स्पष्ट किया जाना चाहिए।
![naidunia_image]()
कर्मचारियों ने निरीक्षण आदेश और रविवार की ड्यूटी से संबंधित दस्तावेज मांगे
कर्मचारियों ने निरीक्षण आदेश और रविवार की ड्यूटी से संबंधित दस्तावेज सार्वजनिक करने की मांग की है। एक साथ 68 शिक्षकों को नोटिस दिए जाने से मामला चर्चा में है। कर्मचारियों ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि संबंधित दस्तावेज सामने आने के बाद ही कार्रवाई की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।