कचरे के ढेर में दो हिस्सों में कटा मिला महिला का शव: छतरपुर के बड़ामलहरा में सनसनी, संदेही हिरासत में
छतरपुर जिले के बड़ामलहरा में कचरे के ढेर शव मिला है। दो हिस्सों में महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है।
Publish Date: Fri, 07 Aug 2026 04:48:46 PM (IST)Updated Date: Fri, 07 Aug 2026 04:48:46 PM (IST)
प्रतीकात्मक फोटो।HighLights
- कचरे के ढेर में महिला का दो हिस्सों में कटा शव मिलने से सनसनी
- लापता महिला की हुई पहचान, मंगलवार से थी घर से गायब
- संदेह के आधार पर एक व्यक्ति हिरासत में, पुलिस कर रही जांच
नईदुनिया प्रतिनिधि छतरपुर/ बड़ामलहरा। बड़ामलहरा थाना क्षेत्र के ग्राम सूरजपुरा रोड पर बुधवार शाम कचरे के ढेर में एक महिला का शव दो हिस्सों में कटा हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मृतका की पहचान रुखसाना खान 40 वर्ष पत्नी बबलेश अहिरवार निवासी सूरजपुरा रोड के रूप में हुई है।
शराब पीने की आदी थी महिला
परिजन के अनुसार रुखसाना मंगलवार से घर से लापता थीं। पति बबलेश अहिरवार ने बताया कि उनकी पहली शादी उत्तर प्रदेश के महोबा में हुई थी, जबकि वर्ष 2011 में उन्होंने रुखसाना से विवाह किया था। मृतका के चार बच्चे हैं और वह शराब पीने की आदी थीं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल बड़ामलहरा भेजा। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया।
एक संदेही से पूछताछ
पुलिस ने संदेह के आधार पर गांव के ही एक व्यक्ति बुद्धु अहिरवार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
बताया जा रहा है कि मृतका मंगलवार को उसके घर गई थी, जिसके बाद से वह लापता थी। फिलहाल पुलिस मौत के कारणों और सभी पहलुओं की जांच कर रही है।