
नईदुनिया प्रतिनिधि, छिंदवाड़ा। अमरवाड़ा पुलिस ने मादक पर्दाथ की तस्करी का बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। मंगलवार शाम को कंटेनर और टाटा सफारी से 320 किलो गांजा (कीमत करीब 84 लाख), पिस्टल व कारतूस जब्त किए हैं। साथ ही 7 शातिर तस्कर गिरफ्तार किए हैं।
पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अंतरराज्यीय गांजा तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है।
पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा अजय पाण्डेय एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के मार्गदर्शन और अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) अमरवाड़ा कल्याणी वरकड़े के नेतृत्व में थाना प्रभारी अमरवाड़ा राजेंद्र धुर्वे व पुलिस टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई।
छिंदवाड़ा की ओर से एक कंटेनर और एक काले रंग की टाटा सफारी कार में भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ गांजा भरकर अमरवाड़ा के रास्ते नरसिंहपुर की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम तेंदनीमाल मेन हाईवे रोड पर नाकाबंदी की।
चेकिंग के दौरान जब दोनों वाहन वहां से गुजरे और पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो आरोपित वाहन को तेज गति से भगाकर ले जाने लगे। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए पीछा किया और भूमकाघाटी के पास दोनों वाहनों को घेरकर पकड़ लिया।कड़ाई से चेक करने पर केबिन के अंदर एक विशेष गुप्त बाक्स (चिपकाया हुआ गुप्त स्थान) बनाया गया था, जिसमें से 7 प्लास्टिक की बोरियों में भरा 252.48 किलो गांजा बरामद हुआ। कार में 4 तस्कर सवार थे।
कार के डैशबोर्ड बाक्स से 1 लोडेड पिस्टल (5 जिंदा कारतूस सहित) तथा कार के भीतर से 2 बोरियों में भरा 68.32 किलो गांजा बरामद किया गया।इस प्रकार कुल 320.8 किलोग्राम गांजा, एक पिस्टल, कारतूस और 24,090 रुपये नगदी जब्त करते हुए पुलिस ने सभी 07 आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक पूछताछ में तस्करों ने चौंकाने वाला खुलासा किया है।
आरोपितों ने बताया कि यह पूरा अवैध मादक पदार्थ सदनलाल चौरसिया निवासी संत कबीर नगर, उत्तर प्रदेश) के द्वारा मंगाया गया था।पुलिस ने कंटेनर(आरजे 33 जीए 2064), एक टाटा सफारी कार(यूपी 32 आरपी 5056)बरामद की है।सभी आरोपितों के विरुद्ध थाना अमरवाड़ा में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट एवं 25, 27 आर्मस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है ।
तस्कर इस खेप को जिला बलांगीर (राज्य ओडिशा) से लोड करके रायपुर, नागपुर, मुलताई, छिंदवाड़ा और नरसिंहपुर के रास्ते होते हुए झांसी (उत्तर प्रदेश) के सदनलाल चौरसिया तक पहुंचाने जा रहे थे। इसके अलावा जप्त की गई अवैध पिस्टल गिरफ्तार तस्कर मोनिस पिता अब्दुल सत्तार से जुड़ी हुई पाई गई है। छिंदवाड़ा पुलिस की इस साहसिक और त्वरित कार्रवाई से अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है, और पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
अमरवाड़ा थाना प्रभारी राजेंद्र धुर्वे ने बताया कि सिंगोड़ी पुलिस चौकी के पास जब पकड़ने का प्रयास किया गया तो आरोपित बैरिकेड तोड़कर भाग रहे थे, जिससे गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई और उसकी विंड शील्ड भी टूट गई थी। कार की विंड शील्ड पर ही उत्तर प्रदेश विधानसभा के विधायक का फर्जी गेट पास लगा हुआ था, जिसका नंबर 602 है। आरोपित छिंदवाड़ा से सागर के रास्ते उत्तर प्रदेश के ललितपुर जाने की फिराक में थे।
पुलिस ने आरोपित सभी निवासी उत्तप्रदेश को गिरफ्तार किया है। फरार आरोपित सदनलाल चौरसिया निवासी संतकबीर नगर उत्तर प्रदेश की तलाश जारी है।
यह भी पढ़ें- कटनी में पुलिस महकमे के इतिहास में ऐसा घटनाक्रम, जिसने पूरे प्रदेश का ध्यान खींचा