
नईदुनिया प्रतिनिधि, छिंदवाड़ा। मंगलवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई के दौरान उस समय अचानक हड़कंप मच गया, जब कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार के पास लगे मधुमक्खियों के छत्ते से बड़ी संख्या में मधुमक्खियां निकल आईं और शिकायत लेकर पहुंचे लोगों पर हमला कर दिया।
मधुमक्खियों के अचानक हमले से कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। अपनी जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागते नजर आए। कुछ देर के लिए जनसुनवाई स्थल पर भी भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस दौरान लोग मधुमक्खियों से बचने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर जाते दिखाई दिए।
यह भी पढ़ें- सागर जहरीली शराब कांड: IPS अनुराग सुजानिया ने दिया इस्तीफा, 4 दिन पहले हुआ था तबादला
हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में मुख्य द्वार के पास लगे मधुमक्खियों के छत्ते को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
जनसुनवाई में प्रतिदिन बड़ी संख्या में आम नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं, ऐसे में परिसर में मौजूद मधुमक्खियों के छत्ते को हटाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।