
नईदुनिया प्रतिनिधि, छिंदवाड़ा। जहां एक ओर सरकार बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से पौष्टिक आहार वितरित करती है, वहीं काराघाट कामठी में हुआ एक वाकया सरकारी दावों की पोल खोलने के लिए काफी है। यहां एक मासूम बच्ची के लिए मिले सत्तू के पैकेट में सांप के अंश पाए गए हैं।
काराघाट कामठी निवासी शेषराव धुर्वे की डेढ़ वर्षीय बेटी तनुश्री के लिए 15 दिन पहले आंगनवाड़ी केंद्र से पोषण आहार के रूप में सत्तू के चार पैकेट प्राप्त हुए थे। परिवार तीन पैकेटों का इस्तेमाल पहले ही कर चुका था। शनिवार को जब चौथा पैकेट खोला गया, तो उसमें मरे हुए सांप के अवशेष दिखाई दिए। तीन पैकेट पहले ही उपयोग किए जाने के कारण अब बच्ची और परिवार के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर चिंता बनी हुई है।
यह भी पढ़ें- बरकतउल्ला विश्वविद्यालय का नाम बदलने पर बवाल, सड़कों पर उतरे छात्र, इतिहास नहीं मिटने देंगे के लगे नारे
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और आक्रोशित पालक आंगनवाड़ी केंद्र पर जमा हो गए और जमकर प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही स्थानीय कार्यकर्ताओं ने अधिकारियों को सूचित किया। एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार के बयान लिए और घटना का पंचनामा तैयार किया।
परियोजना अधिकारी उषा पन्द्रे ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच प्रतिवेदन तैयार किया जा रहा है, जिसे उच्च अधिकारियों को भेजा जाएगा।