
नईदुनिया प्रतिनिधि, छिंदवाड़ा। जिले के परासिया तहसील के बाघबर्धिया गांव में 6 माह की मासूम बच्ची की मौत के मामले में पुलिस ने उसकी मां को हिरासत में लिया है। महिला पर अपनी ही बेटी को कुएं में फेंकने का आरोप है।
महिला अपनी 6 माह की बेटी के साथ घर से लापता हो गई थी। सोमवार तड़के करीब चार बजे जब दोनों घर में नहीं मिलीं, तो परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान महिला कुएं के पास मक्के के खेत में बैठी मिली।
आरोप है कि महिला ने अपनी छह माह की बेटी को कुएं में फेंक दिया था, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।
पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की। महिला काफी गुमसुम थी और सवालों के जवाब बहुत कम दे रही थी। अस्पताल में चिकित्सकों ने उससे बातचीत की और भर्ती होने तथा प्रसव से संबंधित जानकारी पूछी, लेकिन वह तारीख के अलावा ज्यादा कुछ नहीं बता पाई।
पुलिस पूछताछ के दौरान भी महिला ने बहुत कम जवाब दिए। मंगलवार को दोपहर करीब तीन बजे महिला का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।
महिला के परिवार के अन्य सदस्य भी गुमसुम रहते हैं। बताया जाता है कि महिला के पति ने पहले उसका उपचार कराने की कोशिश की थी, लेकिन अस्पताल में इलाज कराने के बजाय झाड़-फूंक का सहारा लिया गया था।
महिला की वर्तमान मानसिक स्थिति, घटना के पीछे की वजह और अन्य परिस्थिति को लेकर आधिकारिक चिकित्सकीय निष्कर्ष सामने आना बाकी है। इन पहलुओं की जांच महत्वपूर्ण होगी।
6 माह की बच्ची की मौत के मामले में पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। महिला की स्थिति, परिवार के बयान और घटना से पहले की परिस्थिति के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में एल्गिन हाॅस्पिटल के डाॅक्टर का दो लाख का फोन छीना, बात करते जा रहे थे सैर पर