
नईदुनिया प्रतिनिधि, छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले से सरकारी तंत्र की आंखों में धूल झोंकने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने अपनी चतुराई से प्रशासन को इस कदर गुमराह किया कि वह एक साथ दो अलग-अलग विभागों में सरकारी कर्मचारी के रूप में सेवाएं दे रहा है और दोनों ही जगह से नियमित वेतन भी उठा रहा है। मामले का खुलासा होने के बाद प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।
कर्मचारी विजय चौधरी की कार्यप्रणाली किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। विजय चौधरी साल 2017 से सामाजिक न्याय विभाग में 'समग्र सुरक्षा अधिकारी' के महत्वपूर्ण पद पर तैनात हैं। इस पद पर रहते हुए भी उसने साल 2018 में अनुकंपा नियुक्ति के तौर पर बिछुआ ब्लाक के अंतर्गत पटवारी हल्का नंबर 9 और 10 (चौरापठार) में पटवारी के रूप में ज्वाइनिंग ले ली। हैरानी की बात यह है कि पिछले लगभग 6 सालों से यह 'डबल रोल' जारी है। दिन के समय वह राजस्व विभाग के काम निपटाता है और पटवारी की भूमिका निभाता है, वहीं दस्तावेजों के अनुसार वह सामाजिक न्याय विभाग में भी अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहा है।
आमतौर पर सरकारी सेवाओं में शामिल होने के लिए पिछले पद से इस्तीफा देना अनिवार्य होता है और सर्विस बुक में इसका स्पष्ट उल्लेख होता है। लेकिन विजय चौधरी ने न तो पहले पद से इस्तीफा दिया और न ही दूसरे विभाग को अपने पूर्व नियोजन की सूचना दी। जिला प्रशासन और कोषालय की नाक के नीचे दो अलग-अलग आईडी से वेतन आहरण का यह मामला सिस्टम की मॉनिटरिंग पर बड़े सवालिया निशान खड़े करता है।