
नईुदनिया प्रतिनिधि, छिंदवाड़ा। चौरई स्वास्थ विभाग की लापरवाही से ग्रामीण इलाकों में लगातार मरीज अपनी जान गवा रहे हैं। शुक्रवार को धनोरा निवासी महिला फिर हिवरखेड़ी के झोलाछाप का शिकार बन गई।सूचना लापरवाह स्वास्थ्य विभाग को भी नहीं है।
दरअसल शुकरवती पति बवलेश वर्मा उम्र 30 साल निवासी धनौरा थाना चौरई हिवरखेड़ी में झोलाछाप राजेंद्र विश्वकर्मा की शिकार बन गई। हिवरखेड़ी सरपंच ने बताया कि बीते रोज परिजन महिला को हाथ पैर में दर्द की शिकायत लेकर उपचार करवाने हिवरखेड़ी गए थे।
उपचार करने के लिए महिला को झोलाछाप ने एक इंजेक्शन लगाया जिसके बाद महिला बेहोश हो गई। तत्पश्चात महिला के परिजन पहले छिंदवाड़ा फिर नागपुर लेकर गए जिसके बाद सुबह महिला ने दम तोड़ दिया।
बता दें कि हिवरखेड़ी में दर्जनों झोलाछाप डॉक्टर अपनी दुकान सजाकर बैठे हुए हैं। जबकि इनके द्वारा मोटी रकम जिम्मेदारों तक पहुंचाई जा रही है। जिसके चलते इनके खिलाफ कोई ठोस कार्यवाही नहीं की जा रही है। नतीजन ये झोलाछाप डॉक्टर मरीजों की जान लेने पर आतुर हैं।
पूर्व में हिवरखेड़ी के झोलाछापो की अखबारों में खबरें प्रकाशित हुई परन्तु प्रशासन द्वारा कार्यवाही नहीं की गई जिसके सबब विश्वकर्मा झोलाछाप का शिकार 30 वर्षीय महिला बन गई एवं प्राप्त जानकारी में पता चला कि झोलाछाप बोरिया-बिस्तर बांध कर फरार हो गया है जिसकी सूचना प्रशासन को नहीं है।
दरअसल हिवरखेड़ी में एक झोलाछाप डाक्टर आशीष विश्वास भी अपनी दुकान सजाकर बैठा हुआ है। प्राथमिक उपचार करने का झांसा देकर लगातार मरीजों को बोतल इंजेक्शन लगाकर उनकी जान से खिलवाड़ कर रहा है। बावजूद इसके स्वास्थ विभाग अंजान बना बैठा है।
मृतक के परिजन द्वारा सूचना दी गई है वे हिवरखेड़ी में किसी के पास उपचार करवाने गए थे जहां से तबियत ज्यादा खराब हुई ,जांच जारी है।
शेख आजाद,चौकी प्रभारी हिवरखेड़ी
यह भी पढ़ें- जबलपुर में उफनती नर्मदा में पलटी होमगार्ड की मोटरबोट, सवार थे क्षमता से दोगुने सैनिक