
नईदुनिया प्रतिनिधि, छिंदवाड़ा। दमुआ के सरकारी अस्पताल के प्रसव विभाग में कार्यरत नर्सिंग आफिसर्स पर डिलीवरी के दौरान कथित तौर पर प्रसूता के शरीर में सैनेटरी पैड छोड़ने के गंभीर आरोप लगे हैं।
शिकायत सामने आने के बाद जहां ब्लाक मेडिकल आफिसर ने तत्काल जांच करवाकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
इस मामले में लापरवाही के लिए जिम्मेदार ठहराई जा रहीं दोनों नर्सिंग ऑफिसर्स ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें निराधार और मिथ्या करार दिया है।
शिकायतकर्ता सतीश यदुवंशी द्वारा दिए गए शिकायती पत्र के मुताबिक, वह अपनी पत्नी शिखा को प्रसव के लिए 11 नवंबर को दोपहर करीब 1 बजे अस्पताल लेकर आया था।
डाॅक्टरों और स्टाफ द्वारा सामान्य डिलीवरी कराई गई, लेकिन आरोप है कि डिलीवरी के दौरान प्रसूता के शरीर के अंदर सैनेटरी पैड छोड़ दिया गया। इसके बाद प्रसूता को अत्यधिक दर्द और तकलीफों का सामना करना पड़ा। बाद में तकलीफ बढ़ने पर जब पुनः जांच कराई गई, तब जाकर स्थिति स्पष्ट हुई।
शिकायतकर्ता सतीश यदुवंशी ने 14 नवंबर को बीएमओ जुन्नारदेव को लिखित शिकायत देकर ड्यूटी पर मौजूद दोनों नर्सिंग ऑफिसर्स पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। 17 नवंबर को यह पूरा मामला सोशल मीडिया और विभिन्न इंटरनेट ग्रुप्स की मुख्य सुर्खी बन गया।
लापरवाही के आरोपों से घिरी दोनों नर्सिंग आफिसर्स ने सफाई देते हुए इन सभी आरोपों को झूठा बताया है। उनके मुताबिक, प्रसूता शिखा को 11 नवंबर की दोपहर को नॉर्मल और पूरी तरह स्वस्थ डिलीवरी हुई थी, जिसमें किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं आई थी।
उन्होंने तर्क दिया कि प्रसव के दो दिन बाद 13 नवंबर को प्रसूता को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी, और वह उस समय अपने स्वजनों के साथ बिना किसी तकलीफ के अपने घर चली गई थी। स्टाफ का कहना है कि डिलीवरी सिजेरियन (ऑपरेशन) नहीं बल्कि पूरी तरह से नॉर्मल हुई थी, इसलिए नॉर्मल डिलीवरी में पैड छूटने का आरोप अपने आप में ही तकनीकी रूप से मिथ्या और आधारहीन है।
मामले की शिकायत प्राप्त हुई है। इस पूरे प्रकरण की गंभीरता से निष्पक्ष जांच कराई जा रही है, और जांच रिपोर्ट में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
सुजाता रुपाली, नर्सिंग ऑफिसर्स सीएचसी दमुआ
यह भी पढ़ें- बिना तलाक दूसरी पत्नी की डिलीवरी, पहली पत्नी ने जबलपुर में निजी अस्पताल पहुंचकर किया हंगामा