
नईदुनिया प्रतिनिधि, दमोह। जिला अस्पताल में नाक, कान, गला रोग विशेषज्ञ डाॅ. विशाल शुक्ला ने लगभग 65 वर्षीय महिला की नाक से मक्खी के 45-50 लार्वा कीड़े निकालकर सफल उपचार किया।
महिला लगातार नाक से रक्तस्राव और असहनीय तकलीफ से पीड़ित थी। एंडोस्कोपिक जांच में नाक के अंदर बड़ी संख्या में लार्वा दिखाई देने पर उन्हें तत्काल ऑपरेशन थिएटर में शिफ्ट कर इंडोस्कोपिक पद्धति से कीड़े निकाले गए।
डाॅ. विशाल शुक्ला ने बताया कि मक्खी द्वारा नाक में अंडे दिए जाने से लार्वा विकसित हो गए थे। अब महिला की स्थिति में सुधार है। उन्होंने बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा कि सितंबर से दिसंबर के बीच ऐसी समस्या की आशंका रहती है।
वृद्धजनों को मच्छरदानी में सुलाएं तथा नाक से दुर्गंध आने या अन्य असामान्य लक्षण दिखने पर तत्काल चिकित्सकीय जांच कराएं। समय पर उपचार नहीं मिलने पर यह समस्या जानलेवा भी हो सकती है।
यह भी पढ़ें- एमपी में बिजली हुई सस्ती... सरचार्ज में भारी कटौती, 24 अक्टूबर से आने वाले बिलों में दिखेगा असर