
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। बिजली उपभोक्ताओं को मासिक बिल में अब कुछ राहत मिलने जा रही है। ईंधन और बिजली खरीद की बढ़ती लागत के समायोजन के लिए लगाए जाने वाले सरचार्ज में मध्य प्रदेश पावर मैनेजमेंट कंपनी ने कटौती कर दी है।
कंपनी के नए आदेश के अनुसार, ईंधन एवं विद्युत क्रय समायोजन सरचार्ज (एफपीपीएएस) की दर 5.03 रुपये से घटाकर 2.34 रुपये प्रति यूनिट निर्धारित की गई है। संशोधित दर 24 अक्टूबर से जारी होने वाले बिजली बिलों पर लागू होगी और इसका लाभ अगले एक माह तक मिलेगा।
सरचार्ज में इस कटौती का सीधा असर उपभोक्ताओं के बिजली बिल पर पड़ेगा। दरअसल, एफपीपीएएस सामान्य टैरिफ के ऊर्जा प्रभार के अतिरिक्त वसूला जाता है। इसकी दर घटने से समान बिजली खपत पर उपभोक्ताओं को पहले की तुलना में कम भुगतान करना होगा।
सरचार्ज में कमी का असर अलग-अलग बिजली खपत वाले उपभोक्ताओं के बिल में भी दिखाई देगा। उपलब्ध गणना के अनुसार, 200 यूनिट बिजली खर्च करने वाले उपभोक्ता का बिल 1213.50 रुपये से घटकर 1182 रुपये रह जाएगा। यानी 31.50 रुपये की बचत होगी।
यह भी पढ़ें- एमपी के 12 लाख कर्मचारी-पेंशनर्स का बढ़ा 2% महंगाई भत्ता, अब मिलेगा 60%; देखें किसे कितना मिलेगा लाभ
इसी तरह 300 यूनिट खपत पर बिल में 50.70 रुपये की कमी आएगी और राशि 1954.20 रुपये से घटकर 1903.50 रुपये हो जाएगी। वहीं, 500 यूनिट बिजली खर्च करने वाले उपभोक्ताओं को 90 रुपये की राहत मिलेगी। उनका बिल 3475 रुपये के स्थान पर 3385 रुपये आएगा।
सरचार्ज की नई दर लागू होने से घरेलू के साथ व्यावसायिक बिजली उपभोक्ताओं को भी राहत मिलेगी। हालांकि, वास्तविक बचत बिजली की खपत और बिल में लागू अन्य शुल्कों के अनुसार अलग-अलग हो सकती है।