
नईदुनिया प्रतिनिधि, दमोह। जिले के एक जनपद सदस्य पर बुधवार को दुष्कर्म का आरोप लगा और शुक्रवार को उसका क्षत-विक्षत शव समन्ना रेलवे फाटक के पास पाया गया। प्रथमदृष्ट्या मामला आत्महत्या का लग रहा है। पुलिस प्रत्येक बिंदु को जांच के केंद्र में रखकर कार्रवाई कर रही है।
इधर मृत जनपद सदस्य के स्वजन का आरोप है कि उसे राजनीतिक द्वेष के चलते झूठे अपराध में फंसाया गया, जिसके चलते उसने आत्महत्या कर ली। जनपद पंचायत बटियागढ़ के जनपद सदस्य कूदन आदिवासी के विरुद्ध मगरोन थाने में आठ अप्रैल को दुष्कर्म का अपराध दर्ज किया गया था।
उस पर आरोप था कि उसने एक 14 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म किया था, जिसके चलते वह गर्भवती हो गई। इस किशोरी को गंभीर अवस्था में उपचार के लिए पहले जिला अस्पताल लाया गया, इसके बाद जबलपुर रेफर कर दिया गया। अपराध दर्ज होने के बाद पुलिस कूदन आदिवासी की तलाश कर ही रही थी। शुक्रवार को समन्ना रेलवे फाटक के पास उसका क्षत-विक्षत शव पाया गया।
यह भी पढ़ें- ओंकारेश्वर में परिक्रमा के दौरान पलटी नाव, सभी 10 यात्री सुरक्षित, 2 की हालत गंभीर; लाइफ जैकेट ने बचाई जान
स्वजन का कहना है कि कूदन आदिवासी ने मरने से पहले अपने मोबाइल पर बयान दर्ज किया था, जिसमें उन लोगों के नाम हैं, जिन्होंने कथित तौर पर कूदन को दुष्कर्म के मामले में फंसाने के लिए व्यूह रचना की। पुलिस ने उस मोबाइल को जब्त कर लिया है।
जनपद सदस्य कूदन आदिवासी का क्षत-विक्षत शव रेल लाइन के पास पाया गया है। मृतक का मोबाइल जब्त किया गया, जिसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है। मृतक का डीएनए टेस्ट भी कराया जाएगा, ताकि उस पर लगे दुष्कर्म के आरोपों की भी जांच हो सके।- बीएल पटेल, थाना प्रभारी मगरोन।