
नईदुनिया न्यूज, बनवार/घटेरा। दीपावली के पर्व पर जहां घरों में खुशियों और उत्साह का माहौल है, नोहटा थाना की बनवार चौकी क्षेत्र के गोल पट्टी और नंदलाल पट्टी गांवों में अप्रत्याशित और गहरा मातम लेकर आया, जहां महज कुछ घंटों के अंतराल में करंट की चपेट में आने से एक किसान और एक छह साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई।
इन दोनों हादसों ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और दीपावली की खुशियों के बीच दोनों पीड़ित परिवारों में कोहराम मच गया है। ग्राम नंदलाल पट्टी में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। यहां करंट लगने से छह वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई।
घटना के बाद परिवार की दीपावली की खुशियां मातम में बदल गईं। मृत बच्ची की पहचान मोहिनी अहिरवार पिता डेलन अहिरवार छह वर्ष निवासी ग्राम नंदलाल पट्टी थाना नोहटा के रूप में हुई है।
ग्राम नंदलाल पट्टी निवासी डेलन अहिरवार के घर में दीपावली पर्व को लेकर पुताई का कार्य चल रहा था। घर में साफ-सफाई और सजावट की तैयारियां की जा रही थी, इसी दौरान घर में साउंड बाक्स बज रहा था।
साउंड बाक्स के तार में कट लगा हुआ था, इसी बीच छह वर्षीय मोहिनी खेलते हुए वहां पहुंच गई। खेलते-खेलते बच्ची का हाथ साउंड बाक्स के कटे हुए तार पर पड़ गया, तार के संपर्क में आते ही बच्ची को तेज करंट लगा और वह मौके पर ही गिर पड़ी।
अचानक हुई इस घटना से घर में मौजूद स्वजनों में अफरा-तफरी मच गई। स्वजनों ने तत्काल बच्ची को संभाला और उसे उपचार के लिए दमोह जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। स्वजन मासूम मोहिनी को गंभीर हालत में दमोह जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने बच्ची का परीक्षण किया। उपचार के दौरान डाक्टर ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद बच्ची के शव को जिला अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवाया गया है। पुलिस को घटना की सूचना दे दी गई है, पंचनाम ओर पीएम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव रविवार को स्वजनों को सौंपा गया। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है, घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पीएम रिपोर्ट एवं जांच के बाद हो सकेगी।
इस संबंध में जिला अस्पताल की ड्यूटी पर तैनात डा. ऐश्वर्या प्रताप से बातचीत की गई, उन्होंने बताया कि नोहटा थाना क्षेत्र से एक मामला सामने आया है। स्वजनों के अनुसार बच्ची को साउंड बाक्स के माध्यम से करंट लगा था। डाक्टर ने बताया कि स्वजन बच्ची को मृत अवस्था में अस्पताल लेकर आए थे, शव को पीएम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस को भी सूचना दे दी गई है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
दीपावली के पर्व पर हुए इस दर्दनाक हादसे ने नंदलाल पट्टी गांव को भी गमगीन कर दिया है। छह वर्षीय मासूम मोहिनी की असमय मौत से परिवार और आसपास के लोगों में शोक का माहौल है। जिस उम्र में बच्चे दीपावली के त्योहार को लेकर उत्साहित रहते है, उस उम्र में मासूम की जिंदगी अचानक खत्म हो गई। परिवार के लिए यह दीपावली कभी न भूलने वाला दुख लेकर आई है।
बनवार चौकी अंतर्गत आने वाले गोल पट्टी गांव की है जहां शनिवार तड़के करीब 45 वर्षीय किसान हल्के दाऊ लोधी अपने खेतों में सिंचाई का काम कर रहे थे, सिंचाई के दौरान वे बिजली ट्रांसफार्मर से महज पंद्रह मीटर की दूरी पर पड़े एक खुले और कटे हुए तार के संपर्क में आ गए।
करंट का झटका इतना तीव्र था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। स्वजनों को घटना की जानकारी सुबह होते ही मिली जिसके बाद उन्होंने तुरंत बनवार पुलिस चौकी को सूचना दी।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी नागेंद्र सिंह परिहार पुलिस बल के साथ फौरन मौके पर पहुंचे और पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को जबेरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां पीएम के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया है। मौके पर किसान के हाथ में करंट के निशान और कटी हुई डोरी मिलने से करंट से मौत की पुष्टि हुई है।
यह भी पढ़ें- मध्य प्रदेश में कानून विभाग के प्रमुख सचिव का पद खाली, हाई कोर्ट ने मुख्य सचिव से मांगा जवाब