
नईदुनिया न्यूज, मड़ियादो। दमोह जिले के दमोतीपुरा गांव में टीकाकरण के बाद साढ़े तीन माह के मासूम की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद स्वजनों ने संबंधित एएनएम के खिलाफ रजपुरा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
जानकारी अनुसार 25 नवंबर को दमोतीपुरा गांव में टीकाकरण अभियान के दौरान रियान पिता प्रीतम आदिवासी साढ़े तीन माह को टीका लगाया गया था। स्वजनों के मुताबिक टीकाकरण के बाद घर पहुंचने पर मासूम को तेज बुखार आ गया।
इसके बाद अगली सुबह दूध पिलाने के बाद बच्चे की नाक से खून आने लगा, घबराए स्वजन तत्काल मासूम को हटा अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत के बाद स्वजन रजपुरा पुलिस थाने पहुंचे और संबंधित एएनएम उर्मिला वर्मन के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले में मृत बच्चे का पोस्टमार्टम कराया है। घटना की जानकारी मिलने पर बीएमओ उमाशंकर पटेल और बीसीएम देवेंद्र ठाकुर दमोतीपुरा पहुंचे। उन्होंने स्वजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली।
इस दौरान परिजनों ने लिखित शिकायत सौंपकर टीकाकरण के बाद हुई मासूम की मौत की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग द्वारा डाक्टर्स की टीम द्वारा टीकाकरण कराए गए अन्य बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया है जिसमें सभी स्वस्थ पाए गए।
यह भी पढ़ें- नीट परीक्षा में असफल होने के बाद नरसिंहपुर में किशोरी ने खाया जहर, इलाज के दौरान मौत