
नईदुनिया प्रतिनिधि, नरसिंहपुर। निवारी पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम बारह छोटा में नीट परीक्षा में असफल होने के बाद कथित तौर पर तनाव में आई 17 वर्षीय युवती ने चूहामार दवा खा ली।
हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अलग-अलग अस्पतालों में लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान गुरुवार रात उसकी मौत हो गई। शुक्रवार सुबह जिला अस्पताल में युवती के शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
मृतिका के भाई ने बताया कि उसकी बहन ने नीट परीक्षा के लिए आवेदन किया था। परीक्षा देने के बाद वह सफल नहीं हो पाई थी। इसके बाद से वह पिछले करीब एक सप्ताह से मानसिक तनाव में थी। इसी दौरान 24 नवंबर को उसने घर में रखी चूहामार दवा खा ली।
उल्टियां होने पर परिजन उसे पहले नजदीकी डॉक्टर के पास ले गए, लेकिन वहां उपचार नहीं मिला और बाहर ले जाने की सलाह दी गई। इसके बाद उसे करेली सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर उपलब्ध नहीं मिले।
परिजन युवती को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे जबलपुर रेफर कर दिया गया। हालांकि, परिजन उसे जबलपुर ले जाने के बजाय नरसिंहपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए ले गए। यहां उपचार के दौरान गुरुवार रात उसने दम तोड़ दिया।
शुक्रवार सुबह जिला अस्पताल में शव परीक्षण के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की जांच के लिए मार्ग डायरी निवारी पुलिस चौकी भेजी जाएगी।
नीट परीक्षा का रिजल्ट जुलाई में आया था। उसके भाई के मुताबिक वह उसी वजह से तनाव में रहती थी। अभी अस्पताल चौकी पुलिस ने शून्य पर मर्ग प्रकरण दर्ज किया है, डायरी जांच हेतु कोतवाली थाना भेजी जाएगी। जिसमें पुलिस द्वारा परिजनों से और पूछताछ होगी। हाल ही में अस्पताल में मिले उसके बड़े भाई ने यही बात बताई है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में धान कटवाकर लौट रहे भाइयों की बाइक को ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, छोटे की मौत