
नईदुनिया प्रतिनिधि, दमोह। जिले के नोहटा थाना के अभाना में सड़क हादसे में दो छात्राओं की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बस मालिक और ड्राइवर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
नोहटा थाना प्रभारी अभिषेक पटेल ने बताया कि नूरी ट्रैवल्स की बस और एक एक्सप्रेस बस के बीच टक्कर हो गई थी। इस हादसे में कक्षा आठवीं की छात्राएं दशोदा और आरुषि की मौत हो गई थी जबकि एक अन्य छात्रा नित्या घायल हुई थी, घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने सड़क पर जाम लगा दिया था।
हादसे के बाद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने विशेष टीम गठित की, जांच के दौरान दमोह कोतवाली थाना क्षेत्र के आसपास रहने वाले बस मालिक अमजद खान उर्फ रिंकू और बस ड्राइवर हरेंद्र कुमार चौधरी को हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने बस ड्राइवर से दुर्घटना के संबंध में पूछताछ की लेकिन वह स्पष्ट जवाब नहीं दे सका। थाना प्रभारी के अनुसार दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता बीएनएस की धारा 105 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक मामले की विवेचना जारी है, जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिषेक पटेल के साथ एसआई अकरम खान, प्रधान आरक्षक जितेंद्र यादव, प्रदीप तिवारी और आरक्षक देवराज कुर्मी सहित पुलिस स्टाफ की भूमिका रही।
यह भी पढ़ें- निजी एंबुलेंसों पर कसेगा शिकंजा, जबलपुर में एक सप्ताह के अंदर पंजीयन और ऑडिट अनिवार्य