
नईदुनिया प्रतिनिधि, दमोह । जबलपुर नाका चौकी में पदस्थ हेड कांस्टेबल के साथ मारपीट करने, गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने तथा उनके मोबाइल और मोटरसाइकिल में तोड़फोड़ करने के मामले में दमोह देहात पुलिस ने दो आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जबकि चार अन्य आरोपी फरार रहे हैं।
15 नवंबर 2026 को जबलपुर नाका चौकी में पदस्थ हेड कांस्टेबल भूपेन्द्र पटेल विवेचना संबंधी शासकीय कार्य कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी नीतेश यादव, रत्नेश उर्फ रत्ते यादव, कोदू अहिरवार, उसकी पत्नी मनीषा एवं दो अन्य व्यक्तियों ने कथित रूप से शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए उनके साथ गाली-गलौज और लात-घूंसों से मारपीट की।
आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देने के साथ ही हेड कांस्टेबल के मोबाइल और मोटरसाइकिल में भी तोड़फोड़ की। घटना के बाद हेड कांस्टेबल भूपेन्द्र पटेल की रिपोर्ट पर थाना दमोह देहात में अपराध क्रमांक 840/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने ग्राम बिजौरी निवासी कोदू उर्फ कोद्दू अहिरवार 37 और उसकी पत्नी मनीषा अहिरवार 35 को गिरफ्तार किया। दोनों आराेपियों को न्यायालय में पेश किया गया जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार प्रकरण में नामजद नीतेश यादव, रत्नेश उर्फ रत्ते यादव सहित दो अन्य व्यक्ति घटना के बाद से फरार है। पुलिस उनकी तलाश और पतासाजी कर रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को भी शीघ्र गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि के निर्देशन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत भदौरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक एचआर पाण्डेय के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी दमोह देहात निरीक्षक धर्मेन्द्र उपाध्याय के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में जबलपुर नाका चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रियंका पटेल, सहायक उपनिरीक्षक जागेश्वर साहू, हेड कांस्टेबल देवेन्द्र एवं कांस्टेबल सुरेन्द्र और गौरव घोषी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
यह भी पढ़ें- अफगान नागरिकों के फर्जी पासपोर्ट के तार जबलपुर से दमोह तक जुड़े, कार्यालय में खंगाले दस्तावेज