
नईदुनिया प्रतिनिधि, दमोह। यहां जीवित महिला प्रेमरानी यादव को ग्राम पंचायत के रिकार्ड में मृत घोषित कर दिया गया और उनके नाम से मृत्यु प्रमाण पत्र भी जारी कर दिया गया। इसका खामियाजा महिला को भुगतना पड़ा, उनका मुफ्त राशन बंद हो गया वहीं लाड़ली बहना योजना के तहत मिलने वाली मासिक आर्थिक सहायता भी रुक गई।
प्रेमरानी यादव अपने परिजनों के साथ कलेक्टर प्रताप नारायण सिंह यादव की जनसुनवाई में पहुंचीं। उन्होंने आवेदन के माध्यम से अपनी समस्या बताते हुए कहा कि समग्र पोर्टल पर उन्हें मृत दर्ज कर दिया गया है।
महिला ने बताया कि इस गलत प्रविष्टि के कारण उनकी समग्र आईडी प्रभावित हो गई और उन्हें शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित होना पड़ रहा है। पिछले करीब पांच महीनों से वह इस समस्या के समाधान के लिए परेशान हो रही है लेकिन अब तक राहत नहीं मिल सकी।
एक ओर शासन महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए लाड़ली बहना योजना संचालित कर रहा है, वहीं दूसरी ओर गलत जानकारी के कारण एक जीवित महिला इस योजना के लाभ से बाहर हो गई। इतना ही नहीं गरीब परिवारों को खाद्यान्न उपलब्ध कराने वाली व्यवस्था का लाभ भी उनसे छिन गया।
प्रेमरानी ने कलेक्टर से मामले की तत्काल जांच करानेए समग्र पोर्टल में दर्ज गलत मृत्यु प्रविष्टि को हटवानेए समग्र आईडी दोबारा सक्रिय कराने तथा लाड़ली बहना योजना की बंद हुई राशि पुनः शुरू कराने की मांग की। साथ ही प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत मिलने वाला राशन भी दोबारा उपलब्ध कराने की गुहार लगाई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर प्रताप नारायण सिंह यादव ने संबंधित ग्राम पंचायत सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। कलेक्टर ने कहा कि महिला प्रेमरानी को दस्तावेजों में मृत घोषित कर दिया गया था। मामले में तत्काल कार्रवाई की गई है और हुई त्रुटि में सुधार कराया जा रहा है।
गलती करने वाले जिम्मेदार व्यक्ति को कारण बताओ नोटिस जारी कर कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन की कार्रवाई के बाद प्रेमरानी यादव की समग्र आईडी कब तक दोबारा सक्रिय होती है और उन्हें बंद हुई सरकारी योजनाओं का लाभ कब तक मिल पाता है।
यह भी पढ़ें- राजभवन के दस्तावेजों का पहले निरीक्षण फिर प्रमाणित प्रति, 15 साल पुरानी कानूनी लड़ाई में महत्वपूर्ण व्यवस्था