
नईदुनिया न्यूज, हटा। मड़ियादो थाना क्षेत्र के बर्धा गांव में सर्पदंश के बाद सिविल अस्पताल हटा लाए गए युवक के उपचार के दौरान अस्पताल परिसर में झाड़-फूंक किए जाने का मामला सामने आया है। बर्धा निवासी कमल पटेल 30 पिता पूरन पटेल को पैर में सांप ने काट लिया था। स्वजनों के अनुसार सांप कुछ देर उसके पैर से लिपटा रहा और इसी दौरान डस लिया।
हालत बिगड़ने पर परिजन उसे सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया। इसी दौरान अस्पताल परिसर में कथित बाबा ने झाड़-फूंक शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मंत्रोच्चार और नीम की झाड़ियों के इस्तेमाल के साथ युवक पर पानी डाला गया, यह प्रक्रिया काफी देर तक चलती रही।
अस्पताल परिसर में यह गतिविधि करीब एक घंटे तक चलने के बावजूद जिम्मेदारों को इसकी जानकारी थी या नहीं यह स्पष्ट नहीं है। यदि जानकारी थी तो इसे रोकने के लिए क्या कदम उठाए गए और यदि जानकारी नहीं थी तो निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठना स्वाभाविक है। इस संबंध में अस्पताल प्रबंधन का पक्ष सामने आना बाकी है।
सर्पदंश के मामलों में समय पर चिकित्सकीय उपचार महत्वपूर्ण होता है, ऐसे में अस्पताल पहुंचने के बाद झाड़-फूंक जैसी गतिविधि का सामने आना ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता की जरूरत को भी रेखांकित करता है। घटना ने अस्पताल परिसरों में मरीजों के उपचार के दौरान ऐसी गतिविधियों की निगरानी को लेकर भी सवाल खड़े किए है।
यह भी पढ़ें- गणेश पंडाल में करंट से किशोर की मौत, दो दिन पहले मिली थीं खामियां; जबलपुर के टेंट संचालक पर FIR