
नईदुनिया प्रतिनिधि, दमोह। बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नगर में नारेबाजी करते हुए संजय चौराहे पर मंत्री लखन पटेल का पुतला दहन किया था। इसके बाद कार्यकर्ता पथरिया थाने पहुंचे और कथित टिप्पणी करने वाले के खिलाफ एफआईआर की मांग को लेकर आवेदन सौंपा।
प्रत्यक्षदर्शियों अनुसार संजय चौराहे पर कार्यकर्ता भाषणबाजी कर रहे थे, इसी दौरान पीछे की ओर से किसी व्यक्ति द्वारा जलता हुआ पुतला और पेट्रोल से भरी बोतल फेंके जाने की बात सामने आई है।
अचानक आग भड़कने से मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने यह भी बताया कि घटना के दौरान कुछ लोगों और बच्चों के झुलसने की बात सामने आई है। हालांकि घायलों की संख्या और उनकी स्थिति की आधिकारिक पुष्टि पुलिस अथवा स्वास्थ्य विभाग से होना बाकी है।
इधर पुतला दहन की सूचना मिलते ही भाजपा मंडल अध्यक्ष सहित वरिष्ठ भाजपा नेता और युवा मोर्चा के कार्यकर्ता थाने पहुंच गए। उन्होंने पुलिस के सामने नाराजगी जताते हुए सवाल किया कि मंत्री का पुतला किस आधार पर जलाया गया।
पुलिस ने पुतला दहन करने वालों को रोकने की कार्रवाई क्यों नहीं की। काफी देर तक पुलिस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच बहस होती रही। भाजपाइयों ने पुतला दहन करने वालों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
पुलिस ने बहुजन समाज पार्टी से जुड़ी रामबाई परिहार, भूपेंद्र सोनी, जुगल पटेल, दिनेश अहिरवार, आसाराम चौधरी, कंछेदी अहिरवार, राहुल पटेल, आनंद राठौर, सोनू नामदेव, शेट्टी नामदेव, परसू अहिरवार, चिंतामन अहिरवार, दीपक खटीक, दयाराम अहिरवार, सचिन खरे सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
एसडीओपी प्रिया सिंधी ने बताया कि बहुजन समाज पार्टी द्वारा बिना पूर्व सूचना के पुतला दहन किया गया, ज्ञापन में पुतला दहन का उल्लेख नहीं था। मंडल अध्यक्ष के आवेदन पर 15 से 20 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। जांच में अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उन्हें भी प्रकरण में शामिल किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में ट्रेन के नीचे घुसकर काट रहे थे बैटरी की वायरिंग, कबाड़ी सहित तीन गिरफ्तार