दमोह के रॉयल दमयंती पैलेस में फटी गैस पाइपलाइन; सगाई में मची भगदड़, दो की मौत और एक गंभीर
दमोह में सगाई समारोह के दौरान खाना बनाते समय गैस पाइपलाइन फटने से अचानक आग भड़क गई, कैटरिंग टीम के तीन कर्मचारी झुलस गए। एक की मौत हो गई, दो का इलाज ज...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 19 Sep 2026 05:31:52 PM (IST)Updated Date: Sat, 19 Sep 2026 07:14:54 PM (IST)
सगाई समारोह के दौरान खाना बनाते समय गैस पाइपलाइन फटने से अचानक आग भड़क गई। वीडियोग्रेब।HighLights
- रॉयल दमयंती पैलेस में गैस पाइपलाइन फटी
- कैटरिंग टीम के तीन कर्मचारी झुलस गए
- हादसे में भाटापारा निवासी गौरव की मौत
नईदुनिया प्रतिनिधि, दमोह। दमोह मध्य प्रदेश के दमोह जिला मुख्यालय में देहात थाना अंतर्गत जबलपुर नाका चौकी के अंतर्गत आने वाली रॉयल दमयंती पैलेस में एक सगाई समारोह के दौरान शुक्रवार की दोपहर बड़ा हादसा हो गया। खाना बनाने के दौरान गैस पाइपलाइन फटने से अचानक आग भड़क गई।
हादसे में कैटरिंग टीम से जुड़े तीन लोग आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दो गंभीर रूप से जल गए जिनमें से एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। एक घायल का इलाज जारी है।
तेजी से भड़की आग
इस संबंध में देहात थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय ने बताया कि जबलपुर नाका चौकी के अंतर्गत होटल रॉयल दमयंती पैलेस में अग्रवाल परिवार का सगाई समारोह आयोजित किया जा रहा था। कार्यक्रम के लिए रायपुर के भाटापारा से कैटरिंग टीम बुलाई गई थी।
खाना बनाने के दौरान अचानक गैस पाइप लाइन फट गई जिससे आग तेजी से भड़क उठी और वहां काम कर रहे कैटरिंग कर्मी इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद होटल में अफरा तफरी का माहौल बन गया। होटल स्टाफ और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल ही जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
इस घटना में सेफ बैंकट् कैटरिंग सर्विसेज भाटापारा रायपुर के 8 कर्मचारी काम करने के लिए आए थे इसमें गौरव निवासी सदर बाजार भाटापारा रायपुर की मौत हो गई जबकि अजय पुत्र सुभाष शर्मा निवासी थाना पुराना बस्ती रायपुर की हालत गंभीर बनी हुई है।
वहीं इस पूरी कैटरिंग में जो वहां पर काम कर रहे थे उनमें वेंकट पाडिग्रही जो इस कैटरिंग के मालिक हैं। इनके अलावा कौशल्या ब्राह्मण महिला,विजय, सूरज ,प्रेम, विशाल आदि भी इस दौरान कैटरिंग के काम में जुटे हुए थे।
किचन के दरवाजे पर आग की चपेट आया गौरव
इस मामले में यह भी बताया गया है कि जब गैस पाइपलाइन में आग लगी तो मृतक गौरव अपनी जान बचाने के लिए किचन के पास ही बने चार बाई चार के छोटे से कमरे में जान बचाने के लिए घुस गया कि शायद वहां से कोई रास्ता होगा लेकिन वहां से कोई रास्ता न होने और प्लाई का दरवाजा होने से उसमें आग लग गई और अंदर ही उसकी दम घुटने से मौत हो गई।
जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल अजय उसे बचाने की प्रयास में झुलस गया जो जीवन और मृत्यु से जिला अस्पताल में संघर्ष कर रहा है।
घटना की जानकारी लगते ही नगर पुलिस अधीक्षक एच आर पांडे, देहात थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय जबलपुर नाका चौकी प्रभारी प्रियंका पटेल, एसडीम सौरभ गंधर्व, तहसीलदार रॉबिन जैन सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए।