दमोह में हेड कॉन्स्टेबल को ग्रामीणों ने घेरकर बेरहमी से पीटा, जिला अस्पताल में भर्ती
जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर अंकुश लगाने की जिम्मेदारी संभालने वाली पुलिस अब खुद भी हमलों का शिकार हो रही है।
Publish Date: Tue, 17 Nov 2026 11:46:02 AM (IST)Updated Date: Tue, 17 Nov 2026 11:46:02 AM (IST)
अस्पताल में इलाज कराते हेड कॉन्स्टेबल। नईदुनियाHighLights
- आसपास के थानों से पुलिस बल गांव पहुंचा
- मारपीट की घटनाएं लगातार चिंता का विषय
- विवादों को शांत कराने गांवों में पहुंची थी पुलिस
नईदुनिया प्रतिनिधि, दमोह। अपराधों की विवेचना करने, आराेपियों की तलाश करने और विवादों को शांत कराने गांवों में पहुंचने वाले पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनती जा रही है।
ग्रामीणों ने घेरकर बेरहमी से पीट दिया
ताजा मामला दमोह देहात थाना क्षेत्र की जबलपुर नाका चौकी अंतर्गत ग्राम बिजोरी का है जहां एक मामले की विवेचना करने पहुंचे हेड कॉन्स्टेबल भूपेंद्र पटेल को ग्रामीणों ने घेरकर बेरहमी से पीट दिया। घटना में घायल हेड कॉन्स्टेबल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विवेचना के दौरान हुआ विवाद, हेड कॉन्स्टेबल पर हमला
जबलपुर नाका चौकी में पदस्थ हेड कॉन्स्टेबल भूपेंद्र पटेल एक मामले की विवेचना के सिलसिले में ग्राम बिजोरी पहुंचे थे। इसी दौरान उनके साथ मारपीट की घटना हो गई।
दर्ज प्रकरण को लेकर संबंधित पक्ष नाराज था
बताया जा रहा है कि मामले में पूर्व से दर्ज प्रकरण को लेकर संबंधित पक्ष नाराज था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और हेड कॉन्स्टेबल के साथ मारपीट की गई। घटना में उन्हें चोटें आईं, जिसके बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराकर उपचार शुरू कराया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पहुंचा पुलिस बल
पुलिसकर्मी के साथ मारपीट की सूचना जिला मुख्यालय पहुंचते ही आसपास के थानों से पुलिस बल गांव पहुंचा। गांव में तनाव की स्थिति निर्मित होने पर पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए हालात को नियंत्रित किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कराई है।
दमोह देहात थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय के अनुसार हेड कॉन्स्टेबल एक मामले की विवेचना करने बिजोरी गांव गए थे, जहां उनके साथ मारपीट की गई है। मामले की जांच की जा रही है, हेड कॉन्स्टेबल के बयान दर्ज होने के बाद शासकीय कार्य में बाधा सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी पुलिस टीमों पर हो चुके है हमले
- दमोह जिले में पुलिसकर्मियों पर हमले की यह पहली घटना नहीं है, इसके पहले भी अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिसकर्मी और पुलिस टीमें हमलावरों के निशाने पर आ चुकी है।
- मार्च 2025 में मराहार गांव में अवैध हथियारों की तलाश में पहुंची पुलिस टीम पर फायरिंग की गई थी। इस घटना में थाना प्रभारी सहित पुलिसकर्मी घायल हुए थे।
- जून 2025 में मगरोन थाना क्षेत्र के पैरवारा गांव में जमीनी विवाद की सूचना पर पहुंची डायल 100 टीम के कॉन्स्टेबल बलराम सिंह और पायलट मनोज सैनी के साथ ग्रामीणों ने मारपीट की थी।
- दोनों को बंधक बनाने, जबरन शराब पिलाने और जलते ट्रैक्टर में डालकर जान से मारने की कोशिश किए जाने की घटना ने पूरे प्रदेश में सुर्खियां बटोरी थी। इस मामले में बड़ी संख्या में लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तारियां भी की गई थीं।
- सितंबर 2026 में हिंडोरिया थाना क्षेत्र के हिनौता हलगज गांव में अंतिम संस्कार के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अमले पर पथराव किया गया था, इसमें एसडीएम सहित पुलिस अधिकारी और कर्मचारी घायल हुए थे। कोतवाली थाना अंतर्गत कसाई मंडी में भी एसएएफ जवान की हत्या कर दी गई थी।
- पूर्व में पथरिया थाने के भी एक गांव में पुलिस पर हमला किया गया था। इन घटनाओं से स्पष्ट है कि जिले में पुलिस और प्रशासनिक अमले को कई बार चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना पड़ा है।
पुलिस के इकबाल और सुरक्षा दोनों का सवाल
बिजोरी की ताजा घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि जब पुलिसकर्मी ही अपनी ड्यूटी के दौरान सुरक्षित नहीं हैं तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर लोगों में विश्वास कैसे मजबूत होगा।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में पेट्रोल पंप पर डकैती डालने से पहले ही चार गिरफ्तार, 10 वारदातों का किया खुलासा