
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र के शारदा चौक स्थित पेट्रोल पंप पर डकैती डालने की साजिश रच रहे छह बदमाशों के मंसूबों पर गढ़ा पुलिस ने पानी फेर दिया।
मदनमहल पहाड़ी पर दरगाह के पास दबिश देकर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
आरोपियों के पास से चाकू, हथौड़ी, छेनी, पिचिस और लोहे की टामी बरामद हुई। पूछताछ में जबलपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लूट, झपटमारी, मंगलसूत्र लूट, चाकूबाजी और डकैती सहित करीब 10 वारदातों का खुलासा हुआ है।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूटा सामान भी जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों में अतुल साहू, आयुष कोल, समीर खान उर्फ पाटन और एक नाबालिग शामिल हैं।
फरार आरोपियों की पहचान गुड्डू विश्वकर्मा उर्फ प्रिंस उर्फ रायडर और कृष्णा यादव के रूप में हुई है। पुलिस फरार दो आरोपियों की तलाश कर रही है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में फाइनेंस कंपनी के डायरेक्टर को 54.40 लाख का चूना लगाने वाला दूसरा आरोपी गिरफ्तार