
नईदुनिया प्रतिनिधि, दमोह। दमोह जिला अस्पताल में एक बंदी की सुरक्षा में तैनात जेल प्रहरी के साथ बदमाश द्वारा झूमा-झटकी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। घटना बुधवार रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है, जो गुरुवार को सामने आई। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
वायरल वीडियो में एक बदमाश जेल प्रहरी के साथ हाथापाई करता नजर आ रहा है और उसकी वर्दी फाड़ने का प्रयास कर रहा है। दूसरे वीडियो में आरोपी गालियां देते हुए खुद को जहीर खान बताते हुए जान से मारने की धमकी दे रहा है।
अस्पताल में भर्ती बंदी की सुरक्षा में था प्रहरी
जेल उप अधीक्षक एमएल पटेल ने बताया कि एक बंदी के बीमार होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार रात 10 बजे से 2 बजे तक प्रहरी छोटेलाल अहिरवार की ड्यूटी थी। इसी दौरान बदमाश ने उसके साथ झूमा-झटकी की और मारपीट करने की कोशिश की।
बाइक लेने गया तो घेरकर किया हमला
प्रहरी ने बताया कि ड्यूटी खत्म होने के बाद जब वह अपनी बाइक लेने साइकिल स्टैंड पर गया, तभी दो बदमाशों ने उसे घेर लिया। इनमें से एक आरोपी पहले जेल में बंद रह चुका है। पहचान होने पर वह आक्रोशित हो गया और हाथापाई करने लगा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत में
कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि आरोपी को रात में ही हिरासत में ले लिया गया था। जेल प्रहरी को रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए बुलाया गया है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं अस्पताल के ड्यूटी डॉक्टर चक्रेश चौधरी ने बताया कि दो लोग अस्पताल के बाहर आपस में झगड़ रहे थे और लड़ते-लड़ते अंदर आ गए, जिन्हें बाद में गार्ड ने बाहर कर दिया।
यह भी पढ़ें- MP पुलिस को मई तक मिल सकते हैं 7500 नए जवान, शारीरिक दक्षता परीक्षा संपन्न, ESB इसी माह जारी करेगा रिजल्ट