
नईदुनिया प्रतिनिधि, दमोह। जिले के हिंडोरिया थाना क्षेत्र के भदौली गांव में सर्दी-जुकाम का इलाज कराने गई 55 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई।
स्वजनों का आरोप है कि गांव के एक झोलाछाप ने महिला को दवाइयां देने के बाद इंजेक्शन लगाया था। इसके बाद घर लौटने पर उसकी तबीयत बिगड़ने लगी।
हालत गंभीर होने पर स्वजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद स्वजनों ने संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
स्वजनों के मुताबिक भदौली गांव निवासी फूल रानी को सर्दी-जुकाम की शिकायत थी, वह गांव के ही गोलू पटेल नामक व्यक्ति के पास इलाज कराने गई थीं।
स्वजनों का आरोप है कि वहां उन्हें कुछ दवाइयां देने के साथ इंजेक्शन लगाया गया, इलाज के बाद फूल रानी घर लौट आईं लेकिन कुछ समय बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।
महिला की मौत के बाद शव को पीएम के लिए मर्चुरी में रखवाया गया, सोमवार सुबह पीएम की कार्रवाई के बाद शव स्वजनों को सौंपे जाने की बात कही गई है।
फिलहाल महिला की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं है, पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।स्वजनों ने मामले की जांच कराने और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में पुलिस चौकी पर नाबालिग साथियों के साथ मिलकर पेट्रोल बम फेंके, कारावास के साथ अर्थदंड भी लगाया