
नईदुनिया प्रतिनिधि, दमोह। भाजपा नेत्री नीलू सुनील दुबे के 17 वर्षीय पुत्र सूर्यांश दुबे की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने महत्वपूर्ण खुलासा करते हुए दो युवतियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों युवतियां सूर्यांश पर फोन पर बातचीत करने के लिए लगातार दबाव बना रही थीं।
इस वजह से वह मानसिक रूप से परेशान था। पुलिस ने मामले की जांच के दौरान जबलपुर और दमोह निवासी दोनों युवतियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद जिला न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
मामला दमोह देहात थाना क्षेत्र के गणेशपुरम का है, जहां अक्टूबर माह में 17 वर्षीय सूर्यांश दुबे ने आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा और पीएम की कार्रवाई के साथ जांच शुरू की थी।
शुरुआती जांच में पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती सूर्यांश का मोबाइल फोन खोलने की थी क्योंकि मोबाइल में पासवर्ड लगा हुआ था और पुलिस उसे खोल नहीं पा रही थी।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मोबाइल काल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसी दौरान सूर्यांश की लगातार दो युवतियों से बातचीत होने की जानकारी सामने आई।
जांच में जबलपुर में रहकर हास्टल में पढ़ाई करने वाली दमोह निवासी कृष्ण प्रिया ठाकुर और सिवनी निवासी के नाम सामने आए। पुलिस को संदेह हुआ कि दोनों युवतियों का सूर्यांश से लगातार संपर्क था और वे उस पर फोन पर बातचीत करने के लिए दबाव बना रही थीं।
जांच के दौरान युवतियों के मोबाइल फोन से मिले एक ट्रक के नंबर से जुड़ा सुराग सूर्यांश के मोबाइल का पासवर्ड खोलने में मददगार साबित हुआ। मोबाइल खुलने के बाद पुलिस को बातचीत और संपर्क से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य मिले जिससे जांच की दिशा स्पष्ट हुई।
सीएसपी एचआर पांडे के अनुसार दोनों युवतियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से सूर्यांश से पहचान बनाई थी, इसके बाद उनके बीच बातचीत होने लगी। पुलिस का कहना है कि दोनों युवतियां महिमा यादव से बातचीत करने के लिए सूर्यांश पर दबाव बना रही थीं। पूछताछ के दौरान दोनों युवतियों ने अपना जुर्म स्वीकार किया है, पुलिस इस पूरे घटनाक्रम को सूर्यांश की मानसिक परेशानी से जोड़कर देख रही है।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के निर्देशन में मामले की जांच के दौरान देहात थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय की टीम ने दोनों युवतियों को गिरफ्तार किया। गुरुवार शाम पुलिस टीम दोनों को जिला न्यायालय लेकर पहुंची जहां पेशी के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।
17 वर्षीय सूर्यांश की मौत के मामले में मोबाइल फोन की जांच और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस द्वारा किया गया यह खुलासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि पूरे घटनाक्रम में सामने आए आरोपों और परिस्थितियों का अंतिम निर्धारण न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगा।
यह भी पढ़ें- दमोह में हेड कांस्टेबल को पीटकर सरकारी काम में बाधा डालने वाला दंपती गिरफ्तार, चार आरोपी फरार