
नईदुनिया प्रतिनिधि, दतिया। दतिया में गोराघाट के सिंध पुल के पास बुधवार को आजाद समाज पार्टी की संकल्प यात्रा के दौरान तनाव की स्थिति बन गई। बिना अनुमति निकाली जा रही यात्रा को रोकने के लिए पुलिस ने बैरीकेट लगाए थे।
जानकारी के अनुसार, आजाद समाज पार्टी और भीम आर्मी से जुड़े कार्यकर्ता संकल्प यात्रा निकालते हुए आगे बढ़ने का प्रयास कर रहे थे। प्रशासन ने पहले ही इस यात्रा की अनुमति नहीं दी थी, इसके बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और आगे बढ़ने की कोशिश करने लगे।
पुलिस ने पहले समझाइश दी
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले समझाइश दी, लेकिन कार्यकर्ता पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्का लाठीचार्ज किया। इसके साथ ही वाटर कैनन और आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
कई लोगों को हिरासत में ले लिया
पुलिस ने कार्यकर्ताओं को खदेड़ते हुए कई लोगों को हिरासत में ले लिया। इस दौरान करीब 100 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। आंदोलन में शामिल आजाद समाज पार्टी के नेता दामोदर सिंह यादव को भी पुलिस ने हिरासत में लिया।
भारी पुलिस बल तैनात
घटना के बाद गोराघाट सिंध पुल के पास भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई की गई है, क्योंकि बिना अनुमति किसी भी तरह की रैली या प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जा सकती। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी की जा रही है।
यह भी पढ़ें- भोपाल में बालश्री पुरस्कार विजेता संगीतकार विवेक तिवारी ने लगाई फांसी, सुसाइड नोट में मंगेतर पर लगाया फंसाने का आरोप