Datia Bus Accident: हरिद्वार कुम्भ से लौट रही श्रद्धालुओं से भरी बस खाई में गिरी, एक की मौत, 23 यात्री घायल
Datia Bus Accident:चालक भागा, ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने यात्रियों को बस से निकाला।
By Hemant Kumar Upadhyay
Edited By: Hemant Kumar Upadhyay
Publish Date: Thu, 15 Apr 2021 05:07:14 PM (IST)
Updated Date: Thu, 15 Apr 2021 09:59:24 PM (IST)

Datia Bus Accident: दतिया/इंदरगढ़ (नईदुनिया प्रतिनिधि)। हरिद्वार से कुंभ स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी बस थरेट थाना क्षेत्र के ग्राम चीना के पास अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। गुरूवार दोपहर 2 बजे करीब हुई दुर्घटना में एक की मौत हो गई वहीं 23 यात्री घायल हो गए हैं। दुर्घटना के बाद चालक भाग निकला। घायल यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए।
पुलिस व दतिया, इंदरगढ़ एवं सेवढ़ा से 108 वाहन मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से सवारियों को एम्बुलेंसों से इंदरगढ़ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। 10 गंभीर घायलों को दतिया जिला अस्पताल भेजा गया। कुंभ स्नान कर श्रद्धालुजन हरिद्वार से ग्वालियर की अरोरा बस (एमपी-33-0727) से इंदरगढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान चीना बंबा के पास चालक की लापरवाही से बस अनियंत्रित होकर खंती में जाकर पलट गई।
राहगीरों ने अपने वाहन रोककर आसपास के ग्रामीणों को इकट्ठा कर बस में फंसे यात्रियों को निकालने की कोशिश की। थरेट थाना प्रभारी शशांक शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने यात्रियों को बाहर निकाला। एक महिला बस में सीट के नीचे फंस गई थी, जिसे निकालने में लोगों को खासी मशक्कत करनी पड़ी। सभी यात्री इंदरगढ़, गोंदन, शाहपुरा, रामसागर, चरबरा क्षेत्र के निवासी हैं।