
Datia News नईदुनिया न्यूज, भांडेर। बेजुबान जीवों से लगाव रखने वाले लोग अक्सर अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करते हैं। इसीके चलते भांडेर अनुभाग के दुरसड़ा ग्राम पंचायत के युवा सरपंच पंकज पांडेय ने भी गांव में श्वानों (कुत्तों) को दी गई दावत चर्चा में है। इस वफादार जीव के प्रति अपने लगाव को प्रदर्शित करने के लिए उन्होंने पूरे गांव के श्वानों को खीर पूड़ी और बूंदी की दावत कराई।
इस बारे में सरपंच पंकज पांडेय ने बताया कि अब से आठ साल पहले एक श्वान उन्होंने पाला था, जो आज भी उनके पास है। उससे लगाव इतना बढ़ा कि उसके साथ खेलने वाले अन्य श्वानों को भी वह सुबह-शाम भोजन कराने लगा। यह सिलसिला धीरे-धीरे गांव के अन्य लावारिस श्वानों के लिए भी शुरू कर दिया। नए साल पर जब उन्होंने लोगों को पिकनिक पार्टी करते देखा तो मूक जीवों के प्रति भी कुछ करने का भाव पैदा हुआ। इसके चलते उन्होंने पूरे गांव भर के श्वानों के लिए खीर पूड़ी और बूंदी बनवाई।
सरपंच ने सुबह 10 बजे से गांव भर में घूम-घूमकर कुत्तों को यह भोजन कराया गया। इसके पीछे कोई लोकप्रियता हासिल करने का उद्देश्य नहीं था। महज एक संदेश लोगों तक पहुंचाना था कि उनके आसपास जो भी निराश्रित-असहाय जीव हैं, उन्हें भी उसी प्रकार से प्रेम की आवश्यकता है जैसा आप अपने किसी निजी पालतू जीव को देते हैं।पंकज ने बताया कि पक्षियों से भी उन्हें लगाव है और उनके घर में जगह-जगह पक्षियों को आश्रय के लिए लकड़ी के घरोंदे बनवाकर लगाए गए हैं।