
नईदुनिया प्रतिनिधि, दतिया। दतिया जिले के प्रसिद्ध जैन तीर्थ स्थल सोनागिर के चंद्रप्रभु मंदिर में हुई चोरी की वारदात वहां की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार श्री चंद्रप्रभु मंदिर में शनिवार रविवार की मध्य रात अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया और मंदिर के अंदर से बहुमूल्य धातु की मूर्तियां व अन्य सामान चोरी कर ले गए।
बताया जा रहा है कि चोर करीब साढ़े 7 किलो वजनी भगवान श्री चंद्र प्रभु की प्रतिमा और लगभग ढाई किलो चांदी का सिंहासन अपने साथ ले गए। इसके अलावा चोरों ने मंदिर की दान पेटी भी तोड़ दी और उसमें रखी हजारों रुपये की नगदी भी पार कर दी। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि मंदिर के पास ही बनी पुलिस चौकी में मौजूद पुलिसकर्मी रातभर सोते रहे और चोर आराम से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
घटना का खुलासा तब हुआ जब सुबह पुजारी मंदिर पहुंचे और अंदर का नजारा देखकर सन्न रह गए। मामले में एक और बड़ी लापरवाही सामने आई है। मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे 25 मार्च से बंद पड़े थे, जिन्हें अब तक ठीक नहीं कराया गया था।
इस कारण चोरी की पूरी घटना कैमरे में कैद नहीं हो सकी, जिससे जांच में भी दिक्कत आ रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्रों में चोरों की तलाश कर रही है।