
नईदुनिया प्रतिनिधि, दतिया। थरेट थाना क्षेत्र के ग्राम परसौंदा फतेहपुर में छह और सात वर्ष की दो बच्चियों के साथ गांव के ही एक युवक व एक नाबालिग ने दुष्कर्म कर दिया। बच्चियों को घर के बाहर से आइसक्रीम का लालच देकर आरोपी मोनू रजक के घर ले जाया गया था।
शनिवार को मुकदमा दर्ज
घटना 27 मार्च शुक्रवार शाम की है। पुलिस ने मेडिकल जांच के बाद शनिवार को मुकदमा दर्ज कर देर रात मोनू को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका नाबालिग साथी फरार है। थरेट थाना प्रभारी अरविंद भदौरिया ने बताया कि ग्राम परसौंदा फतेहपुर निवासी 26 वर्षीय मोनू रजक पुत्र रामेश्वर व उसका नाबालिग साथी, गांव में घर के आसपास खेलने वाली छोटी बच्चियों पर अक्सर गलत नजर रखते थे।
बच्चियों को लालच देकर अपने घर ले गए
शुक्रवार शाम वे पड़ोसी परिवारों की दो बच्चियों को लालच देकर अपने घर ले गए। घटना के बाद बच्चियां रोती हुई घर पहुंचीं, तब उनके परिजनों को इस बात की खबर लगी। इस घटना को लेकर गांव में आक्रोश का माहौल है।
यह भी पढ़ें- इंस्टाग्राम पर दोस्ती पड़ी महंगी, भोपाल की महिला से 1.73 लाख की ठगी; वीजा और पासपोर्ट के नाम पर जालसाज ने लगाया चूना