
नईदुनिया प्रतिनिधि, दतिया। भाजपा के पिछोर विधायक प्रीतम सिंह लोधी के समर्थक दतिया में एसपी कार्यालय के घेराव आंदोलन के दौरान आपस में ही भिड़ गए। इस दौरान कार्यकर्ताओं में हाथापाई जैसी नौबत आ गई। सड़क पर यह हालत देख विधायक को हस्तक्षेप करना पड़ा, जिसके बाद कार्यकर्ताओं का हुजूम आगे बढ़ा। शुक्रवार को इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होता रहा।
दरअसल शिक्षा विभाग के सब इंजीनियर भूपेंद्र कुमार राजपूत के साथ 15 सितंबर को हुई मारपीट की घटना के विरोध में भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी अपने समर्थकों के साथ गुरुवार दोपहर एसपी कार्यालय का घेराव करने पहुंचे थे। प्रदर्शन के दौरान समर्थक मामले को लेकर नारेबाजी कर रहे थे। इसी बीच माइक पर नारे लगाने को लेकर विवाद छिड़ गया।
समर्थकों के बीच नारेबाजी के दौरान माइक छीनने को लेकर खींचतान और झूमाझटकी हो गई। समर्थकों के बीच विवाद और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी देख तत्काल विधायक को स्थिति संभालनी पड़ी। बताया जाता है कि प्रदर्शन के दौरान एक युवक हाथ में माइक लेकर विधायक प्रीतम सिंह लोधी को ‘चंबल टाइगर’ बताते हुए उनके समर्थन में नारे लगाने लगा।
इसी बीच युवक ने दतिया से कांग्रेस विधायक घनश्याम सिंह के खिलाफ भी नारेबाजी शुरू कर दी। इस पर भीड़ में मौजूद एक अन्य समर्थक ने आगे आकर युवक के हाथ से माइक छीन लिया। माइक छीनने को लेकर दोनों के बीच खींचतान शुरू हो गई और देखते ही देखते धक्का-मुक्की तथा झूमाझटकी होने लगी।
सामने आए वीडियो में नारेबाजी के बीच समर्थकों के बीच माइक को लेकर विवाद होता दिखाई दे रहा है। माइक छीने जाने से नाराज युवक ने इसके बाद भाजपा सरकार के खिलाफ ‘भाजपा सरकार मुर्दाबाद’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। प्रदर्शन के दौरान समर्थकों के बीच हुई इस खींचतान का वीडियो अब चर्चा में है।
यह भी पढ़ें- कुपोषण से दतिया में 1 साल की बच्ची की मौत, 6 और मासूम चपेट में…कभी इस बीमारी से मुक्ति के लिए मिला था सम्मान