
नईदुनिया न्यूज, बागली (देवास) : नगर के चापड़ा रोड स्थित बीएसएनएल के 150 फीट से अधिक ऊंचे मोबाइल टॉवर पर शुक्रवार सुबह एक युवक चढ़ गया। इसका पता चलते ही मौके पर भीड़ लगने लगी। सूचना मिली तो पुलिस भी मौके पर पहुंची और युवक को समझाइश देकर नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए।
हालांकि इसमें चार घंटे से अधिक का समय लग गया। युवक के सकुशल नीचे उतरने पर पुलिस उसे अपने साथ ले गई। युवक से पूछताछ व स्वजन के बयान से पता चला कि युवक द्वारा संपत्ति के बंटवारे की मांग अपने बुजुर्ग माता-पिता से की जा रही थी, इसी के चलते उसने टॉवर पर चढ़कर आत्महत्या करने की धमकी दी थी।
मामले में प्रकरण दर्ज करके पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। इसी मोबाइल टॉवर पर करीब 12 दिन पहले एक युवती भी चढ़ गई थी, उसने प्रेम विवाह व ससुरालवालों द्वारा साथ रखने से मना करने पर यह कदम उठाया था। इस घटना के बाद भी संबंधित मोबाइल टॉवर के आसपास आम व्यक्ति के प्रवेश प्रतिबंध के कोई उपाय नहीं किए गए थे और शुक्रवार को दोबारा घटनाक्रम हो गया।
बागली थाना टीआई जीवन भिडोरे ने बताया युवक के टॉवर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही मैं, डायल-112 से टीम मौके पर पहुंच गई थी। टावर पर चढ़े हुए युवक का नाम प्रकाश भाटी निवासी वार्ड क्रमांक-दो बागली सामने आया। उससे मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क स्थापित किया गया तो उसके द्वारा अपने माता–पिता पर पैतृक संपत्ति का बंटवारा नहीं करने का आरोप लगाते हुए आत्महत्या करने की धमकी दी जा रही थी। इस संबंध में उचित आश्वासन देकर सावधानीपूर्वक टॉवर से नीचे उतारा गया।
पुलिस ने बताया प्रकाश की माता से चर्चा करने पर पता चला कि प्रकाश दो साल से और कहीं रह रहा था एवं माता पिता को अपने हाल पर छोड़ दिया था। पिछले कुछ दिनों से संपत्ति का बंटवारा करने का दबाव माता-पिता पर बना रहा था। माता-पिता द्वारा जीवित रहते हुए संपत्ति का बंटवारा करने से मना करने पर शुक्रवार सुबह वो माेबाइल टॉवर पर चढ़ गया था। बागली एसडीओपी संजय सिंह बैस ने कहा टावर तक आम व्यक्ति की पहुंच रोकने के संबंध में बीएसएनएल के अधिकारी से चर्चा की गई है।
यह भी पढ़ें- Madhya Pradesh News : परिजन पत्नी को मायके से नहीं लाए तो युवक टॉवर पर चढ़ा